बारां। किशनगंज स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में स्कूल समय के दौरान अशोभनीय हरकतों से जुड़े वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने कार्रवाई की है। विभाग ने स्कूल की व्याख्याता सिमरन कालरा और प्रयोगशाला सहायक अक्षत वैष्णव को तत्काल प्रभाव से स्कूल से हटाकर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय बारां में मुख्यालय कर दिया है।
वायरल वीडियो सामने आने के बाद मामला शिक्षा विभाग के अधिकारियों तक पहुंचा। विभाग ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए दोनों कार्मिकों को विद्यालय से हटाने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है।
जिला शिक्षा अधिकारी सीताराम गोयल ने प्रकरण में तथ्यात्मक रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने बताया कि मामले की प्रारंभिक जांच सीबीईओ अंता के स्तर से कराई जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे विभागीय जांच की जाएगी और नियमानुसार कार्रवाई तय होगी।
फिलहाल दोनों कार्मिकों को डीईओ कार्यालय बारां में मुख्यालय किया गया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच पूरी होने और रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शिक्षा विभाग का मुख्य फोकस वायरल वीडियो से जुड़े तथ्यों की पुष्टि करने और घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति सामने लाने पर है। जांच रिपोर्ट के आधार पर ही प्रकरण में अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
