Fri, 09 18, 2026
देश

अलवर में तेल फैक्ट्री में भीषण आग, 700 टन सरसों तेल का स्टॉक जलकर खाक:

8 घंटे तक धधकती रही फैक्ट्री, 5 जिलों से पहुंची 25 दमकलों ने 150 चक्कर लगाकर पाया काबू; दीवारें गिरीं, सड़क पर बहा तेल

post-img

अलवर। अलवर शहर के मत्स्य औद्योगिक क्षेत्र (एमआईए) में शनिवार सुबह एक तेल पैकिंग फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि फैक्ट्री की दीवारें गिर गईं और टीन शेड उखड़ गए। फैक्ट्री में रखा सरसों का तेल सड़क पर बह गया। घटना के समय फैक्ट्री में करीब 700 टन सरसों तेल का स्टॉक बताया गया है।

आग की लपटें देखकर आसपास की फैक्ट्रियों में भी अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा के लिहाज से आसपास की कई फैक्ट्रियों को खाली कराया गया। करीब 8 घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर 2 बजे आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि इसके बाद भी दमकलकर्मी मौके पर मौजूद रहे और फैक्ट्री के अंदर से उठ रहे धुएं को देखते हुए पानी की बौछार जारी रखी।

15 अगस्त की छुट्टी के कारण फैक्ट्री में नहीं थे कर्मचारी

शनिवार को स्वतंत्रता दिवस के कारण फैक्ट्री में छुट्टी थी। घटना के समय फैक्ट्री में केवल गार्ड मौजूद था। गार्ड ने सुबह करीब 6 बजे फैक्ट्री के अंदर से धुआं और आग की लपटें देखीं। उसने तत्काल फैक्ट्री मालिक पवन चौधरी को सूचना दी।

गत्ते पर चिंगारी गिरने से आग लगने की आशंका

फायरमैन अमरचंद के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर किसी गत्ते पर चिंगारी गिरने के बाद आग लगने की आशंका है। देखते ही देखते आग ने फैक्ट्री के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। तेल का स्टॉक होने के कारण आग तेजी से फैल गई और इसे बुझाने में काफी परेशानी हुई।

5 जिलों से पहुंचीं करीब 25 दमकलें

आग की भयावहता को देखते हुए अलवर के अलावा डीग, भरतपुर, महुआ, दौसा, भिवाड़ी और खैरथल से भी दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं। करीब 20 से 25 दमकलों ने लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। दमकलों ने करीब 150 चक्कर लगाए।

धमाकों के साथ गिरी फैक्ट्री की दीवार

आग इतनी भीषण थी कि फैक्ट्री के अंदर से धमाकों की आवाजें भी सुनाई दीं। इसके बाद फैक्ट्री की दीवार का एक हिस्सा गिर गया और टीन शेड उखड़ गए। आग से फैक्ट्री में रखा सामान और मशीनरी भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

सड़क पर बहा सरसों का तेल

फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में तेल का स्टॉक होने के कारण आग के दौरान सरसों का तेल बाहर निकलकर सड़क पर बह गया। फैक्ट्री मालिक पवन चौधरी ने बताया कि फैक्ट्री में करीब 700 टन तेल का स्टॉक था। उन्होंने आग से करोड़ों रुपए के नुकसान की आशंका जताई है।

वन मंत्री संजय शर्मा भी मौके पर पहुंचे

भीषण आग की सूचना मिलने के बाद वन मंत्री संजय शर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने फैक्ट्री मालिक पवन चौधरी से घटना की जानकारी ली और मौके पर चल रहे राहत एवं अग्निशमन कार्य का जायजा लिया।

करीब 8 घंटे बाद आग पर पाया काबू

सुबह करीब 6 बजे शुरू हुई आग दोपहर करीब 2 बजे तक धधकती रही। दमकलकर्मियों की लगातार मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इसके बाद भी फैक्ट्री के कुछ हिस्सों से धुआं उठता रहा, जिसके चलते दमकलकर्मियों ने अंदर पानी की बौछार जारी रखी।

फैक्ट्री मालिक के अनुसार आग से पूरी बिल्डिंग को नुकसान पहुंचा है और फैक्ट्री में रखा सामान जलकर राख हो गया। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारण और नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है।

Related Post