Fri, 09 18, 2026
देश

झालावाड़ में ढाई घंटे में भूकंप के 3 झटके: 5 गांवों में दहशत, घरों से बाहर निकले लोग; स्कूलों में छुट्टी, दीवारों में आई दरारें:

स्कूलों में छुट्टी, मकानों में आई दरारें

post-img

 

झालावाड़। जिले के पिंडवाड़ा क्षेत्र के पांच गांवों में मंगलवार सुबह लगातार भूकंप के झटके महसूस किए गए। करीब ढाई घंटे के भीतर तीन बार धरती हिली तो ग्रामीणों में दहशत फैल गई। लोग आनन-फानन में घरों से बाहर निकलकर खुले स्थानों पर पहुंच गए। भूकंप के झटकों के कारण कुछ मकानों की दीवारों में दरारें आने की भी सूचना है।

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र, नई दिल्ली के अनुसार भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.0 मापी गई। भूकंप का केंद्र झालावाड़ जिले में जमीन से करीब 15 किलोमीटर नीचे बताया गया है।

सुबह 7:15 से 9:53 बजे तक तीन झटके

ग्राम पंचायत नोलाई क्षेत्र के नोलाई, बरखेड़ी, खजुरी, नापाखेड़ी और आवर गांवों में भूकंप के झटके महसूस किए गए।

  • सुबह 7:15 बजे पहला झटका
  • सुबह 8:20 बजे दूसरा झटका
  • सुबह 9:53 बजे तीसरा झटका

लगातार तीन झटके महसूस होने से ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया। गलियों में बैठे पशु भी धरती हिलते ही उठकर भागने लगे। कई लोग काफी देर तक घरों के अंदर जाने से बचते रहे।

स्कूलों में बच्चों को बाहर निकाला, फिर छुट्टी

भूकंप के दौरान कई बच्चे स्कूलों में पढ़ाई कर रहे थे। धरती हिलने का अहसास होते ही शिक्षकों ने एहतियात के तौर पर बच्चों को स्कूल भवन से बाहर निकालकर खुले मैदान में बैठाया। बाद में बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए स्कूलों में छुट्टी कर दी गई।

ग्रामीणों ने बताया कि लगातार झटकों के कारण बच्चों और अभिभावकों में भी डर का माहौल रहा। प्रशासन की ओर से ग्रामीणों को सतर्क रहने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है।

कुछ मकानों में आईं दरारें

भूकंप के झटकों से क्षेत्र के कुछ मकानों की दीवारों में दरारें आने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, अभी तक किसी बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं है। प्रशासन की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति का जायजा ले रही हैं।

खुले मैदान में जुटे ग्रामीण

बार-बार धरती हिलने के कारण ग्रामीण घरों से बाहर निकलकर खुले स्थानों पर जमा हो गए। लोगों में इस बात को लेकर चिंता रही कि कहीं फिर से तेज झटका न आ जाए। प्रशासन ने लोगों से शांत रहने और किसी भी आपात स्थिति में सुरक्षित खुले स्थान पर जाने की अपील की है।

फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है और प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Related Post