Fri, 09 18, 2026
देश

सीकर में सेप्टिक टैंक की खुदाई के दौरान मिट्टी में दबा मजदूर, डेढ़ घंटे से रेस्क्यू जारी:

पिपराली रोड पर हादसा, सिविल डिफेंस के जवान सीमेंट के रिंग के सहारे गड्ढे में उतरे; आसपास के हॉस्टल खाली कराए

post-img

 

सीकर में सेप्टिक टैंक की खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी धंसने से एक मजदूर मलबे में दब गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची और मजदूर को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब डेढ़ घंटे से बचाव कार्य जारी है।

हादसा उद्योग नगर थाना क्षेत्र में पिपराली रोड स्थित आदर्श गर्ल्स हॉस्टल के पास हुआ। उद्योग नगर थाना SHO राजेश कुमार बुडानिया ने बताया कि मलबे में दबे मजदूर की पहचान इस्लामिया चौक के पास रहने वाले सिकंदर अली (28) पुत्र नवाब अली के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, सिकंदर अली शनिवार को आदर्श गर्ल्स हॉस्टल के पास सेप्टिक टैंक की खुदाई करने पहुंचा था। काम के दौरान अचानक मिट्टी की ढलान धंस गई और सिकंदर मलबे में दब गया।

सीमेंट के रिंग डालकर नीचे उतरा जवान

मजदूर को सुरक्षित निकालने के लिए सिविल डिफेंस की टीम बेहद सावधानी से खुदाई कर रही है। मिट्टी दोबारा धंसने से बचाने के लिए सीमेंट के गोल रिंग (पाइप) मौके पर मंगवाए गए हैं। इन्हीं रिंगों के बीच से सिविल डिफेंस का एक जवान नीचे उतरा और अंदर से मिट्टी हटाने का काम शुरू किया।

रेस्क्यू टीम मिट्टी के बीच से अलग रास्ता बनाकर मजदूर तक पहुंचने का प्रयास कर रही है, ताकि राहत कार्य के दौरान दोबारा मिट्टी धंसने का खतरा कम किया जा सके।

करीब 40 लोग रेस्क्यू में जुटे

रेस्क्यू ऑपरेशन में पुलिस, सिविल डिफेंस और स्थानीय लोगों समेत करीब 40 लोग जुटे हुए हैं। प्रशासन की टीम भी मौके पर मौजूद है और पूरे ऑपरेशन की निगरानी कर रही है।

SDM सुशील कुमार सैनी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास स्थित हॉस्टलों को एहतियात के तौर पर खाली कराया गया है।

आसपास की इमारतों को देखते हुए अतिरिक्त सावधानी

विधायक राजेंद्र पारीक भी मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि हादसे वाली जगह के आसपास कई अन्य इमारतें हैं। ऐसे में खुदाई के दौरान विशेष सावधानी बरती जा रही है।

सुरक्षा के लिए मौके पर मिट्टी के कट्टे भी मंगवाए गए हैं। इन्हें पास की बिल्डिंग के सहारे लगाया जाएगा, ताकि खुदाई के दौरान मिट्टी खिसकने या किसी इमारत को नुकसान पहुंचने का खतरा कम किया जा सके।

फिलहाल प्रशासन और रेस्क्यू टीम की प्राथमिकता मलबे में दबे सिकंदर अली को सुरक्षित बाहर निकालना है।

Related Post