जयपुर। डिग्गी कल्याणजी की पदयात्रा मंगलवार सुबह 9 बजे जयपुर के ताड़केश्वर मंदिर, चौड़ा रास्ता से रवाना होगी। पदयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना को देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर में ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए डायवर्जन और वैकल्पिक मार्ग तय किए हैं। पुलिस के अनुसार आवश्यकता के अनुसार सामान्य यातायात को मौके पर डायवर्ट किया जा सकता है।
इन प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी पदयात्रा
पदयात्रा ताड़केश्वर मंदिर से रवाना होकर न्यूगेट, रामनिवास बाग, मोती डूंगरी गणेश मंदिर, तख्तेशाही रोड, आरबीआई तिराहा, रामबाग चौराहा, लक्ष्मी मंदिर तिराहा, टोंक फाटक, दुर्गापुरा, सांगानेर, मदरामपुरा के बालाजी, हरसूलिया, फागी और चौलसा होते हुए डिग्गी कल्याणजी के लिए रवाना होगी।
सांगानेर से यादगार तिराहा आने वाले वाहनों के लिए डायवर्जन
सांगानेर से यादगार तिराहा की ओर आने वाले सामान्य यातायात को आवश्यकता के अनुसार वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा।
- पुराने बाईपास क्लोवर लीफ से प्रधान वाटिका और न्यू सांगानेर रोड की ओर।
- दुर्गापुरा से डालडा फैक्ट्री की ओर।
- गोपालपुरा पुलिया से गोपालपुरा बाईपास की ओर।
- लक्ष्मी मंदिर तिराहा से सहकार मार्ग की ओर।
- रामबाग चौराहा से अंबेडकर सर्किल की ओर।
मुहाना मंडी और डिग्गी-मालपुरा रोड पर भी बदलाव
मुहाना मंडी से डिग्गी-मालपुरा रोड की ओर आने वाले यातायात को जरूरत के अनुसार मुहाना मंडी से डायवर्ट कर मुहाना गांव होते हुए रिंग रोड की ओर भेजा जाएगा।
वहीं डिग्गी-मालपुरा की ओर से आने वाले वाहनों को आवश्यकता के अनुसार रिंग रोड के नीचे से डायवर्ट कर रिंग रोड पर संचालित किया जाएगा।
टोंक की ओर से आने वाले वाहनों का रूट बदलेगा
टोंक की ओर से जयपुर आने वाले सामान्य यातायात को आवश्यकता के अनुसार इंडिया गेट टोंक रोड, रीको सर्किल, नारायण हृदयालय, अक्षय पात्र और 7 नंबर बस स्टैंड होते हुए जगतपुरा की ओर निकाला जाएगा।
प्रधान वाटिका और चौरड़िया पेट्रोल पंप के बीच भी डायवर्जन
प्रधान वाटिका से चौरड़िया पेट्रोल पंप की ओर जाने वाले वाहनों को प्रधान वाटिका से डायवर्ट कर समानांतर मार्गों से निकाला जाएगा।
वहीं चौरड़िया पेट्रोल पंप से सांगानेर पुलिया की ओर जाने वाले यातायात को चौरड़िया पेट्रोल पंप से प्रधान वाटिका और न्यू सांगानेर रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
बसों के रूट में भी बदलाव
सिंधी कैंप से टोंक रोड जाने वाली बसें गवर्नमेंट हॉस्टल चौराहा, एमआईएस तिराहा, अजमेर रोड, सोडाला, 200 फीट चौराहा, अजमेर रोड और रिंग रोड होते हुए रिंग रोड-टोंक से संचालित की जाएंगी।
टोंक रोड से सिंधी कैंप आने वाली बसें गोनेर तिराहा, टोंक रोड, महात्मा गांधी रोड, महल रोड, हनुमान तिराहा, एपेक्स सर्किल, रॉयल्टी तिराहा, जवाहर नगर बाईपास, टीला नंबर-7, शांति पथ, जेडीए चौराहा, त्रिमूर्ति सर्किल, नारायण सिंह तिराहा, पृथ्वीराज टी-पॉइंट, चौमूं हाउस चौराहा और गवर्नमेंट हॉस्टल चौराहा होते हुए सिंधी कैंप पहुंच सकेंगी।
टोंक रोड की सिटी और मिनी बसों का रूट भी बदलेगा
टोंक रोड पर संचालित होने वाली सिटी और मिनी बसों को आवश्यकता के अनुसार नारायण सिंह तिराहा, टोंक रोड, त्रिमूर्ति सर्किल, जवाहरलाल नेहरू मार्ग, जवाहर सर्किल और तारों की कूट होते हुए टोंक रोड पर संचालित किया जाएगा।
जेएलएन मार्ग और टोंक रोड पर पार्किंग प्रतिबंधित
पदयात्रा के दौरान जेएलएन मार्ग और टोंक रोड पर सभी प्रकार के वाहनों की पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों और आमजन से अपील की है कि पदयात्रा के दौरान निर्धारित डायवर्जन एवं समानांतर वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।
श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से यातायात पुलिस की अपील
पदयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना को देखते हुए यातायात पुलिस ने लोगों से पदयात्रा मार्गों पर अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की है। पुलिस के अनुसार यातायात का दबाव बढ़ने पर मौके की स्थिति के आधार पर अतिरिक्त डायवर्जन भी लागू किया जा सकता है।
आमजन के लिए सलाह: जयपुर से टोंक, सांगानेर, डिग्गी-मालपुरा और संबंधित क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन चालक निकलने से पहले वैकल्पिक मार्गों को ध्यान में रखें और पदयात्रा मार्ग पर वाहन पार्क करने से बचें।
