जयपुर। केरल की केजिया लिज मेजो ने रविवार देर रात जयपुर के जी-स्टूडियो में आयोजित भव्य ग्रैंड फिनाले में मिस यूनिवर्स इंडिया-2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। अपनी खूबसूरती, आत्मविश्वास, प्रतिभा और बुद्धिमत्ता से उन्होंने जजों और दर्शकों को प्रभावित किया। उन्हें मिस यूनिवर्स इंडिया-2025 मनिका विश्वकर्मा ने विजेता का ताज पहनाया।
खिताब जीतने के साथ ही केजिया अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। इस वर्ष के अंत में प्यूर्टो रिको में आयोजित होने वाली 75वीं मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में वह भारत की ओर से हिस्सा लेंगी, जहां दुनिया के विभिन्न देशों की ब्यूटी क्वीन शामिल होंगी।
तमिलनाडु की वैष्णवी फर्स्ट रनर-अप
प्रतियोगिता में तमिलनाडु की वैष्णवी गणेश फर्स्ट रनर-अप और गुजरात की अनुश्री सातवलेकर सेकंड रनर-अप रहीं। ग्रैंड फिनाले में देशभर से चुनी गई 52 फाइनलिस्ट ने रैंपवॉक, टैलेंट, व्यक्तित्व और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया।
बोलीं केजिया- खिताब नहीं, बड़ी जिम्मेदारी
मिस यूनिवर्स इंडिया-2026 का ताज जीतने के बाद केजिया लिज मेजो ने कहा कि यह खिताब उनके लिए केवल उपलब्धि नहीं, बल्कि बड़ी जिम्मेदारी है। अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है। वह भारत की विविधता, संस्कृति, प्रतिभा और नई पीढ़ी की शक्ति को दुनिया के सामने प्रस्तुत करना चाहती हैं।
सुष्मिता सेन, उर्वशी रौतेला समेत दिग्गज रहे जज
प्रतियोगिता की जूरी में पूर्व मिस यूनिवर्स सुष्मिता सेन, मिस यूनिवर्स इंडिया का खिताब दो बार जीत चुकीं उर्वशी रौतेला, मिस यूनिवर्स की फर्स्ट रनर-अप रह चुकीं सेलिना जेटली, फिल्म प्रोड्यूसर एवं पर्यावरणविद् प्रज्ञा कपूर तथा मिस यूनिवर्स इंडिया के मालिक निखिल आनंद शामिल रहे। मिस यूनिवर्स इंडिया-2024 रिया सिंघा भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं।
सुष्मिता सेन ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि जब उन्होंने मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था, तब अंग्रेजी भाषा और प्रतियोगिता की कई बारीकियों से वह पूरी तरह परिचित नहीं थीं। उन्होंने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों से आए प्रतिभागियों में भले ही विविधताएं हों, लेकिन भारत उन्हें एक सूत्र में जोड़ता है।
वहीं उर्वशी रौतेला ने सुष्मिता सेन को अपनी पहली गुरु बताते हुए कहा कि उन्होंने ही उन्हें मिस यूनिवर्स इंडिया का ताज पहनाया था। गुरु-शिष्य की इस मुलाकात ने समारोह में भावनात्मक रंग भी भर दिया।
Files, images, and data analysis are unavailable until usage resets at 11:23 PM. Continue chatting with text only, or upgrade for more access.
