मुंबई। फिल्म ‘जोरू का गुलाम’ के डायरेक्टर शकील नूरानी को एक 33 वर्षीय एक्ट्रेस की शिकायत पर यौन उत्पीड़न और दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार किया गया है। एक्ट्रेस ने नूरानी पर यौन शोषण, ब्लैकमेलिंग समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के मुताबिक मामला वर्ष 2016 का है।
स्क्रिप्ट पढ़ने के बहाने घर बुलाने का आरोप
मुंबई पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, एक्ट्रेस की नूरानी से पहली मुलाकात 2016 में लोखंडवाला में एक अवॉर्ड फंक्शन के दौरान हुई थी। नूरानी ने एक्ट्रेस से आगामी प्रोजेक्ट को लेकर बातचीत की और काम के लिए संपर्क करने को कहा।
एक्ट्रेस का आरोप है कि बाद में वह स्क्रिप्ट पढ़ने के लिए नूरानी के मालवानी स्थित घर गई थीं। वहां उन्हें सॉफ्ट ड्रिंक दी गई, जिसे पीने के बाद वह बेहोश हो गईं।
वीडियो दिखाकर धमकाने का आरोप
FIR के अनुसार, होश में आने के बाद नूरानी ने कथित तौर पर एक्ट्रेस का वीडियो मोबाइल में दिखाया और पुलिस या परिवार को जानकारी देने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी। एक्ट्रेस का आरोप है कि इसी वीडियो के जरिए उन्हें ब्लैकमेल किया गया और कई बार यौन उत्पीड़न किया गया।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कथित यौन संबंधों के बाद नूरानी उन्हें बार-बार गर्भनिरोधक गोलियां देते थे।
फार्महाउस से पकड़े गए नूरानी
FIR दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में पता चला कि नूरानी सातारा जिले के मेधा इलाके में स्थित एक फार्महाउस में रह रहे थे। पुलिस के अनुसार, FIR दर्ज होने के बाद वह करीब 40 दिन तक छिपे रहे। पुलिस ने अंधेरी के लोखंडवाला स्थित उनके बेटे के घर की भी तलाशी ली थी।
तकनीकी मदद से पुलिस ने नूरानी का पता लगाया और मेधा पुलिस की मदद से उन्हें फार्महाउस से हिरासत में लिया गया।
12 अगस्त तक पुलिस कस्टडी
पुलिस ने शकील नूरानी को शनिवार को बोरीवली हॉलीडे कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उन्हें 12 अगस्त तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया है।
डीसीपी (जोन-2) संदीप घुगे ने बताया कि पुलिस मामले में आगे की जानकारी जुटा रही है। वहीं नूरानी के वकील विकास सिंह ने आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि उनके क्लाइंट को झूठा फंसाया गया है और मामला अदालत में विचाराधीन है।
संजय दत्त से भी हुआ था विवाद
शकील नूरानी का अभिनेता संजय दत्त के साथ एक फिल्म को लेकर विवाद भी सामने आ चुका है। धमकी देने के मामले में मुंबई की एक अदालत ने संजय दत्त के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था।
