Fri, 09 18, 2026
देश

राजस्थान में मानसून फिर एक्टिव, 12 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट; नोनेरा बांध के 13 गेट खोले:

कोटा में बांध के 13 गेट खोले,25 गांवों में अलर्ट

post-img

 

जयपुर। राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के 12 जिलों में तेज बारिश की चेतावनी जारी की है। पिछले 24 घंटे में जयपुर समेत 10 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कुछ स्थानों पर करीब 2 इंच तक पानी बरसा। करौली के सपोटरा में सबसे ज्यादा 47 एमएम बारिश दर्ज की गई।

लगातार बारिश के कारण प्रदेश के कई बांधों में पानी की आवक बढ़ गई है। झालावाड़ में कालीसिंध नदी में लगातार पानी आने के चलते बांध का एक गेट खोलकर करीब 8 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। वहीं कोटा के नोनेरा बांध से पहले खोले गए 3 गेट की संख्या बढ़ाकर 13 कर दी गई है। नोनेरा बांध से कालीसिंध और चंबल नदी में पानी छोड़ा जा रहा है।

25 गांवों में अलर्ट

नोनेरा बांध से पानी की निकासी के बाद कालीसिंध और चंबल नदी के किनारे बसे करीब 25 गांवों में अलर्ट जारी किया गया है। बांध के जेईएन मनोज चौधरी ने लोगों से नदी एवं बहाव क्षेत्र से दूर रहने की अपील की है।

इधर, कोटा बैराज, जवाहर सागर, बीसलपुर, ईसरदा, गालवा और गुढ़ा बांध में भी पानी की लगातार आवक हो रही है। इससे इन बांधों का जलस्तर बढ़ा है। त्रिवेणी नदी का जलस्तर 2.30 मीटर से अधिक रहने के कारण बीसलपुर बांध का गेज भी बुधवार को 4 सेंटीमीटर बढ़ा।

28 अगस्त से कमजोर पड़ सकता है मानसून

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 28 अगस्त से राजस्थान में मानसून के कमजोर पड़ने की संभावना है। अगले तीन से चार दिनों में प्रदेश में बारिश की गतिविधियां काफी कम रह सकती हैं। अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहने, हल्की धूप निकलने और तापमान में बढ़ोतरी होने का अनुमान है।

विशेषज्ञों के मुताबिक मानसून ट्रफ जम्मू, देहरादून, शाहजहांपुर से दक्षिणी उत्तर प्रदेश, उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश, रांची और दीघा होते हुए बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। उत्तर भारत में मानसून ट्रफ के प्रभाव के कारण राजस्थान में मानसून कमजोर रहने की संभावना जताई गई है।

गंगानगर-बीकानेर में गर्मी बरकरार

बारिश के बावजूद पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में गर्मी का असर बना हुआ है। बुधवार को श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पूर्वी और दक्षिणी राजस्थान के शहरों में लगातार बारिश के कारण गर्मी और उमस से राहत मिली। इन क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया।

Related Post