सब हेडिंग:
जयपुर। विश्व हाथी दिवस पर जयपुर के हाथी गांव में बुधवार को शाही परंपरा और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। 21 हाथियों ने 50 मीटर लंबे रेड कारपेट पर रैंप वॉक कर दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण बाबू हाथी रहा, जिसे करीब 62 लाख रुपए के पारंपरिक शाही चांदी के आभूषणों से सजाया गया था।
बाबू ने चंदा, पुष्पा और हेमा समेत कई हथिनियों के साथ शाही अंदाज में रैंप वॉक की। इस दौरान हाथियों के साथ उनके महावत भी पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा में नजर आए। कार्यक्रम को देखने के लिए बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक हाथी गांव पहुंचे।
बाबू हाथी बना शो का सबसे बड़ा आकर्षण
बाबू हाथी को राजा-महाराजाओं के दौर के पारंपरिक चांदी के आभूषणों से सजाया गया था। इनमें श्री, कंठा, पायजेब समेत कई शाही गहने शामिल थे। ये बेशकीमती आभूषण जयपुर राजपरिवार की ओर से हाथी के मालिक शाहिद खान के परिवार को उपहार स्वरूप दिए गए थे।
पीढ़ियों से निभा रहा है परंपरा का रिश्ता
हाथी के मालिक शाहिद खान का परिवार कई पीढ़ियों से हाथी सफारी और हाथियों की देखभाल के कार्य से जुड़ा हुआ है। परिवार इस अनूठी विरासत को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ा रहा है।
हथिनियों ने भी जीता दर्शकों का दिल
बाबू के अलावा चंदा, पुष्पा और हेमा जैसी हथिनियों ने भी अपनी शानदार वॉक से लोगों का ध्यान खींचा। सभी हाथियों को अलग-अलग पारंपरिक रंगों, फूलों और आकर्षक आभूषणों से सजाया गया था, जिसने पूरे आयोजन को और भव्य बना दिया।
फ्रूट बुफे और तिरंगे की झलक
फैशन शो के साथ हाथियों के लिए विशेष रूप से फलों का 'फ्रूट बुफे' भी लगाया गया। वहीं विश्व हाथी दिवस के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में स्वतंत्रता दिवस के जश्न की झलक भी देखने को मिली, जिससे आयोजन में देशभक्ति का रंग भी नजर आया।
महावत और हाथियों की जुगलबंदी बनी खास आकर्षण
महावत और हाथियों की शानदार तालमेल और जुगलबंदी ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। शाही अंदाज, पारंपरिक सजावट और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने इस आयोजन को पर्यटकों के लिए यादगार बना दिया।
