जयपुर। जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) की ओर से तैयार किए गए 472 फ्लैट विमुक्त, घुमंतू और अर्धघुमंतु समुदाय के परिवारों को निशुल्क आवंटित किए गए। जयपुर के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में आयोजित फ्लैट आवंटन समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने लाभार्थी परिवारों को उनके नए आवास की चाबी सौंपी। फ्लैट मिलने के बाद 472 परिवारों को अब जयपुर में स्थायी आवास की सुविधा मिल सकेगी।
जयसिंहपुरा में बनाए गए हैं 472 फ्लैट
JDA की ओर से इन आवासों का निर्माण जयसिंहपुरा में कराया गया है। प्रत्येक फ्लैट में एक रूम, हॉल, किचन और लेट-बाथ की सुविधा उपलब्ध है। निशुल्क आवास मिलने से लंबे समय से स्थायी घर की जरूरत महसूस कर रहे परिवारों को बड़ी राहत मिली है।
चाबी मिलते ही परिवारों में खुशी
समारोह में बड़ी संख्या में विमुक्त, घुमंतू और अर्धघुमंतु समुदाय के लाभार्थी परिवार मौजूद रहे। मुख्यमंत्री से आवास की चाबी मिलने के बाद परिवारों में खुशी का माहौल नजर आया। लाभार्थियों ने सरकार और JDA की इस पहल को अपने जीवन में महत्वपूर्ण बदलाव लाने वाला कदम बताया।
खर्रा बोले- नए आवास से जीवन को आगे बढ़ाने का मिलेगा अवसर
नगरीय स्वायत्त शासन एवं विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने आवास पाने वाले परिवारों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों को आज आवास आवंटित किए जा रहे हैं, वे नए घर में रहकर अपने जीवन को आगे बढ़ाएं। अपने बच्चों को सुशिक्षित करें और आने वाली पीढ़ी को संस्कारित करने में सफलता हासिल करें।
CM बोले- अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचना सरकार का उद्देश्य
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि करीब 10 से 12 साल पहले दुर्गादास जी ने इस काम की शुरुआत की थी। उन्होंने कहा कि आजादी के 80 साल बाद भी समाज में ऐसे लोगों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया।
CM ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब कल्याण की योजनाओं के माध्यम से अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के जीवन में खुशहाली लाने का प्रयास किया जा रहा है।
पहले बजट में ही आवास और पट्टे की घोषणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान सरकार ने अपने पहले बजट में ही ऐसे परिवारों को आवास और पट्टा देने की घोषणा की थी। रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए ब्याज और अनुदान देने का भी प्रावधान किया गया है।
उन्होंने कहा कि राजस्थान की न्यायिक यात्रा में आज एक स्वर्णिम अध्याय शुरू हुआ है।
समारोह में ये रहे मौजूद
फ्लैट आवंटन समारोह में नगरीय स्वायत्त शासन एवं विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा, कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत और मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
फ्लैट में मिलेंगी ये सुविधाएं
JDA की ओर से तैयार प्रत्येक फ्लैट में—
- एक रूम
- हॉल
- किचन
- लेट-बाथ
की सुविधा दी गई है। इन सभी 472 फ्लैटों का आवंटन विमुक्त, घुमंतू और अर्धघुमंतु समुदाय के पात्र परिवारों को निशुल्क किया गया है।
