Fri, 09 18, 2026
विदेश

जुरेल का शतक, भारत का जोरदार प्रहार; 503/9 पर पारी घोषित, श्रीलंका 8/2:

खराब रोशनी से जल्दी स्टंप्स

post-img

 

कोलंबो। भारत ने श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन अपनी पकड़ बेहद मजबूत कर ली। ध्रुव जुरेल के शानदार नाबाद शतक की बदौलत भारत ने पहली पारी 503/9 रन पर घोषित की। जवाब में भारतीय गेंदबाजों ने दिन का खेल खत्म होने तक श्रीलंका के दो विकेट महज 8 रन पर झटक लिए। मेजबान टीम अभी भारत से 495 रन पीछे है।

भारत ने सोमवार को 300/5 के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया। डेब्यू कर रहे सारांश जैन 6 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन इसके बाद ऋषभ पंत और ध्रुव जुरेल ने मोर्चा संभाल लिया। दोनों ने सातवें विकेट के लिए 112 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। चोट के कारण पहले दिन 3 रन पर रिटायर्ड हर्ट हुए पंत ने वापसी करते हुए 63 रन की शानदार पारी खेली।

जुरेल ने जड़ा दूसरा टेस्ट शतक

पंत के आउट होने के बाद जुरेल ने पारी को संभाले रखा और संयम के साथ बल्लेबाजी करते हुए अपना दूसरा टेस्ट शतक पूरा किया। उन्होंने 177 गेंदों पर नाबाद 115 रन बनाए, जिसमें 9 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। शतक पूरा करने के बाद जुरेल ने शानदार अंदाज में जश्न मनाया।

जुरेल की पारी और निचले क्रम के उपयोगी योगदान से भारत 500 रन के पार पहुंचा। इसके बाद कप्तान शुभमन गिल ने 503/9 पर पारी घोषित कर श्रीलंका को बल्लेबाजी के लिए उतारा।

तीन ओवर में श्रीलंका के दो विकेट

भारत की गेंदबाजी शुरू होते ही श्रीलंका को झटके लग गए। प्रसिद्ध कृष्णा ने लाहिरू उदारा को यशस्वी जायसवाल के हाथों कैच कराकर भारत को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद मानव सुथार ने प्रभात जयसूर्या को एलबीडब्ल्यू कर दिया। बारिश और खराब रोशनी के कारण ज्यादा खेल संभव नहीं हो सका और श्रीलंका ने दिन का अंत 8/2 के स्कोर पर किया।

दूसरे दिन का खेल भारत के नाम रहा। एक ओर जुरेल के शतक ने भारत को विशाल स्कोर तक पहुंचाया, वहीं गेंदबाजों ने आखिरी क्षणों में दो विकेट लेकर श्रीलंका पर दबाव और बढ़ा दिया। भारत दो टेस्ट की सीरीज में पहले ही 1-0 से आगे है।

Related Post