Fri, 09 18, 2026
देश

PM मोदी ने कॉमनवेल्थ पदक विजेता खिलाड़ियों से की मुलाकात, चानू के आंसुओं से लेकर बेरवाल के किस्से तक चर्चा:

मोदी बोले- मीराबाई के आंसू गोल्ड मेडल जैसे लगे

post-img

 

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को नई दिल्ली में कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात की। इस दौरान खिलाड़ियों ने अपने अनुभव साझा किए और पीएम मोदी ने उनके संघर्ष, उपलब्धियों और जज्बे की सराहना की। मुलाकात का वीडियो सोमवार को यूट्यूब पर लाइव किया गया।

पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 10-12 वर्षों में उनके आवास पर नियमित रूप से मिलने वालों में खिलाड़ी प्रमुख रहे हैं। खिलाड़ियों की मेहनत और लगातार सफलता ने देश का मान बढ़ाया है।

मीराबाई चानू के आंसुओं पर बोले मोदी

पीएम मोदी ने वेटलिफ्टर मीराबाई चानू से कहा कि उनके आंसू ऐसे लग रहे थे, जैसे हर बूंद से गोल्ड मेडल टपक रहा हो। चानू ने बताया कि पेरिस ओलिंपिक में पदक से चूकने के बाद चार साल उनके लिए मुश्किल रहे। चोट और पारिवारिक परेशानियों के बीच कॉमनवेल्थ में गोल्ड जीतकर पोडियम पर राष्ट्रगान सुनते समय वह अपने आंसू नहीं रोक सकीं। चानू ने 48 किलो वर्ग में कुल 190 किलो वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता।

पाकिस्तानी बॉक्सर का किस्सा सुनकर हंसे PM

नरेंद्र बेरवाल ने 2015 वर्ल्ड मिलिट्री गेम्स का किस्सा सुनाते हुए बताया कि उन्होंने पाकिस्तान के बॉक्सर को हराया था। मुकाबले के बाद अस्पताल में पाकिस्तानी खिलाड़ी ने मजाक में कहा कि बेरवाल, उनके कोच और प्रधानमंत्री तीनों का नाम नरेंद्र है, इसलिए उसे ‘नरेंद्र’ नाम से ही नफरत हो गई है। किस्सा सुनकर पीएम मोदी भी हंस पड़े।

बॉक्सर जादुमणि सिंह ने पाकिस्तान के रहमान सुमामा को 5-0 से हराने का अनुभव साझा किया। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना से जुड़े होने के कारण उन्होंने मुकाबला जीतने का पहले ही संकल्प लिया था और अपना मेडल कारगिल के वीरों को समर्पित किया।

सीमा और लवलीना के जज्बे की भी तारीफ

डिस्कस थ्रो में ब्रॉन्ज जीतने वाली सीमा कालीरमन ने कहा कि अब वह दोस्तों से गर्व से कह सकेंगी कि वह मोदी जी से मिली हैं। वहीं बॉक्सर लवलीना बोरगोहेन द्वारा ग्लासगो के एक रेस्टोरेंट में भारत का गलत नक्शा लगाए जाने पर आपत्ति जताने के कदम की पीएम मोदी ने सराहना की।

पैरा एथलीट दिलीप महादु गावित ने बताया कि उन्होंने गुरु पूर्णिमा के दिन जीता अपना गोल्ड मेडल कोच को समर्पित किया। उन्होंने T47 कैटेगरी की 100 मीटर दौड़ में 10.71 सेकेंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता था।

पीएम मोदी ने खिलाड़ियों से बातचीत के दौरान उनकी मेहनत, संघर्ष और देश के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि खिलाड़ियों की उपलब्धियां नई पीढ़ी को प्रेरणा देती हैं।

Related Post