गॉल। भारत और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे गॉल टेस्ट में टीम इंडिया मजबूत स्थिति में पहुंच गई है। भारतीय टीम ने श्रीलंका को पहली पारी में 284 रन पर समेटकर 178 रन की बढ़त हासिल कर ली है। मंगलवार को मुकाबले का चौथा दिन है और भारत अपनी दूसरी पारी शुरू करेगा। हालांकि, आज बारिश मैच का रोमांच बिगाड़ सकती है। मौसम वेबसाइट AccuWeather के अनुसार गॉल में बारिश की करीब 70 प्रतिशत संभावना है।
पंत, राहुल और गिल के पास बड़े रिकॉर्ड का मौका
चौथे दिन भारतीय खिलाड़ियों की नजर कई व्यक्तिगत उपलब्धियों पर भी रहेगी।
- ऋषभ पंत: टेस्ट क्रिकेट में 100 छक्के पूरे करने से सिर्फ 2 छक्के दूर हैं। पंत अब तक 98 छक्के लगा चुके हैं।
- केएल राहुल: टेस्ट क्रिकेट में 500 चौके पूरे करने के लिए उन्हें सिर्फ 4 चौकों की जरूरत है। उनके नाम अब तक 496 चौके हैं।
- शुभमन गिल: भारतीय कप्तान टेस्ट क्रिकेट में 3000 रन पूरे करने से केवल 31 रन दूर हैं। इसके अलावा उनके पास 3 छक्के लगाकर टेस्ट में 50 छक्के पूरे करने का मौका भी है।
सोनल दिनूषा ने जड़ा शतक
सोमवार को बारिश के कारण मैच समय से पहले रोकना पड़ा। इससे पहले श्रीलंका की पहली पारी 284 रन पर सिमट गई। श्रीलंका की ओर से सोनल दिनूषा ने शानदार 100 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके और 2 छक्के लगाए।
रोशन डिकवेला ने भी 80 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों ने छठे विकेट के लिए 146 रन की अहम साझेदारी की और श्रीलंका को मुश्किल स्थिति से बाहर निकालने की कोशिश की।
भारत की ओर से मानव सुथार ने 4 विकेट चटकाए, जबकि रवींद्र जडेजा को 3 विकेट मिले। कुलदीप यादव और मोहम्मद सिराज ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।
पडिक्कल के शतक से भारत ने बनाए 462 रन
मैच के पहले दिन भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। टीम इंडिया ने देवदत्त पडिक्कल के शानदार 167 रन की बदौलत पहली पारी में 462 रन बनाए।
पडिक्कल के अलावा केएल राहुल ने 82 और ध्रुव जुरेल ने 51 रन की उपयोगी पारियां खेलीं। भारत ने इसी मजबूत बल्लेबाजी के दम पर श्रीलंका पर पहली पारी में 178 रन की बढ़त हासिल की।
जडेजा के 350 टेस्ट विकेट पूरे
गॉल टेस्ट के तीसरे दिन रवींद्र जडेजा ने टेस्ट क्रिकेट में अपने 350 विकेट पूरे कर लिए। इसके साथ ही जडेजा टेस्ट इतिहास में 4,000 से ज्यादा रन और 350 विकेट लेने वाले दुनिया के चौथे खिलाड़ी बन गए।
वे यह उपलब्धि हासिल करने वाले कपिल देव के बाद दूसरे भारतीय खिलाड़ी भी हैं। वहीं मानव सुथार ने श्रीलंका की पारी में अपनी पहली ही गेंद पर दिनेश चांडीमल को आउट कर शानदार शुरुआत की।
अब भारत की दूसरी पारी पर नजर
श्रीलंका को 284 रन पर ऑलआउट करने के बाद भारत के पास 178 रन की मजबूत बढ़त है। अब चौथे दिन भारतीय बल्लेबाज इस बढ़त को और बड़ा करने की कोशिश करेंगे। हालांकि, गॉल का मौसम टीम इंडिया के सामने चुनौती खड़ी कर सकता है। बारिश के कारण खेल प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है।
