इंटरनेशनल क्रिकेट में पहली बार किसी एक फॉर्मेट ने 5000 मैचों का आंकड़ा पार कर इतिहास रच दिया है। वनडे क्रिकेट ने यह उपलब्धि हासिल की। शुक्रवार को स्कॉटलैंड और कनाडा के बीच खेला गया मुकाबला वनडे इतिहास का 5000वां मैच बना। स्कॉटलैंड ने इस ऐतिहासिक मुकाबले को 9 रन से जीतकर यादगार बना दिया।
वनडे क्रिकेट की शुरुआत 1971 में हुई थी। टेस्ट क्रिकेट के अस्तित्व में आने के करीब 94 साल बाद वनडे फॉर्मेट अस्तित्व में आया। इसके बाद 55 वर्षों में 29 देशों ने वनडे इंटरनेशनल खेले। इसी फॉर्मेट ने क्रिकेट वर्ल्ड कप को जन्म दिया और भारत ने भी पहली बार इसी फॉर्मेट में विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
1. 1877 में खेला गया था पहला इंटरनेशनल मैच
क्रिकेट का सबसे पुराना इंटरनेशनल फॉर्मेट टेस्ट है। पहला टेस्ट मैच 1877 में खेला गया था। अब तक 2629 टेस्ट मैच खेले जा चुके हैं। वहीं टी-20 इंटरनेशनल की शुरुआत 2004 में हुई थी।
वनडे ने 5000 मैच पूरे कर टेस्ट और टी-20 दोनों को मैचों की संख्या में पीछे छोड़ दिया है।
2. भारत ने जीते 575 वनडे
भारत ने अब तक 1081 वनडे मैच खेले हैं, जिनमें उसे 575 मुकाबलों में जीत मिली है। मैच खेलने के मामले में ऑस्ट्रेलिया दूसरे स्थान पर है, जबकि जीत के मामले में वह दुनिया की सबसे सफल टीम है। ऑस्ट्रेलिया ने 1025 वनडे में 619 मुकाबले जीते हैं।
पाकिस्तान ने 1002 वनडे खेले हैं और 529 में जीत दर्ज की है।
3. विदेश में पाकिस्तान की जीत भारत से ज्यादा
अपने घर में सबसे ज्यादा वनडे जीतने वाली टीमों में ऑस्ट्रेलिया और भारत शीर्ष पर हैं। ऑस्ट्रेलिया ने घरेलू मैदान पर 298, जबकि भारत ने 235 मैच जीते हैं।
हालांकि विदेश में जीत के मामले में पाकिस्तान भारत से आगे है। पाकिस्तान ने विदेशी मैदानों पर 395 मैच जीते हैं, जबकि भारत के नाम 340 जीत हैं।
4. ऑस्ट्रेलिया ने जीते सबसे ज्यादा वर्ल्ड कप
वनडे वर्ल्ड कप के अब तक 13 संस्करण खेले जा चुके हैं। ऑस्ट्रेलिया ने सबसे ज्यादा 6 बार वर्ल्ड कप ट्रॉफी अपने नाम की है। भारत और वेस्टइंडीज ने 2-2 बार खिताब जीता है।
5. सचिन ने खेले सबसे ज्यादा वनडे
भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के नाम सबसे ज्यादा 463 वनडे मैच खेलने का रिकॉर्ड है। सबसे ज्यादा वनडे खेलने वाले खिलाड़ियों की सूची में श्रीलंका के चार, पाकिस्तान के तीन, भारत के दो और ऑस्ट्रेलिया का एक खिलाड़ी शामिल है।
6. सबसे ज्यादा रन बनाने वालों में चार भारतीय
वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप-10 बल्लेबाजों में चार भारतीय हैं। सचिन तेंदुलकर पहले, विराट कोहली दूसरे, रोहित शर्मा सातवें और सौरव गांगुली 10वें स्थान पर हैं।
7. कोहली के नाम सबसे ज्यादा शतक
वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम है। उन्होंने 54 शतक लगाए हैं। सचिन तेंदुलकर 49 शतक के साथ दूसरे और रोहित शर्मा 34 शतक के साथ तीसरे स्थान पर हैं। ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग 30 शतक के साथ चौथे नंबर पर हैं।
8. मुरलीधरन सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज
श्रीलंका के दिग्गज स्पिनर मुथैया मुरलीधरन वनडे में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने 350 मैचों में 534 विकेट हासिल किए।
एक पारी में सबसे ज्यादा बार 5 या उससे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड पाकिस्तान के वकार यूनुस के नाम है। उन्होंने 13 बार यह कारनामा किया।
9. पोंटिंग के नाम कप्तानी का बड़ा रिकॉर्ड
वनडे में सबसे ज्यादा मैचों में कप्तानी करने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग के नाम है। उन्होंने 230 मैचों में ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी की और इनमें से 165 मैचों में टीम को जीत दिलाई।
10. रोहित का 264 रन का रिकॉर्ड
वनडे में सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी खेलने का रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम है। उन्होंने 2014 में श्रीलंका के खिलाफ 264 रन की पारी खेली थी।
रोहित शर्मा वनडे में तीन दोहरे शतक लगाने वाले इकलौते बल्लेबाज हैं। उनके नाम वनडे में सबसे ज्यादा 369 छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी है।
वहीं महेंद्र सिंह धोनी विकेटकीपिंग में सबसे आगे हैं। उन्होंने वनडे में सबसे ज्यादा 123 स्टंपिंग की हैं। सचिन तेंदुलकर ने सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द सीरीज पुरस्कार अपने नाम किए हैं।
5000 मैच पूरे होने के साथ वनडे ने रचा नया इतिहास
स्कॉटलैंड और कनाडा के बीच मुकाबले के साथ वनडे क्रिकेट ने 5000 मैच पूरे कर लिए। 5 जनवरी 1971 को बारिश के कारण रद्द हुए टेस्ट मैच की जगह शुरू हुआ यह फॉर्मेट आज इंटरनेशनल क्रिकेट का सबसे ज्यादा मैच खेला जाने वाला फॉर्मेट बन चुका है। पांच दशक से ज्यादा के सफर में वनडे ने क्रिकेट के इतिहास, नियमों और लोकप्रियता को पूरी तरह बदल दिया है।
