Fri, 09 18, 2026
विदेश

सिराज के लगातार तीन छक्कों से जीता भारत, श्रीलंका-11 को 6 विकेट से हराया:

वॉर्मअप मैच में श्रीलंका को 6 विकेट से हराया; चोट से रिकवर हुए गिल के 44 रन

post-img

कोलंबो। श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले भारत ने अभ्यास मैच में रोमांचक अंदाज में श्रीलंका-11 को 6 विकेट से हरा दिया। मैच के आखिरी दिन भारत को जीत के लिए 16 रन चाहिए थे। ऐसे में मोहम्मद सिराज ने केशरा नुवंथा के ओवर की शुरुआती तीन गेंदों पर लगातार तीन छक्के जड़कर टीम इंडिया को जीत दिला दी। खास बात यह रही कि भारत के जीतने के बाद भी अभ्यास मैच का ओवर पूरा कराया गया।

भारत के सामने 207 रन का लक्ष्य था। टीम ने दिन का खेल शुरू होने से पहले अपनी पहली पारी 6 विकेट पर 357 रन बनाकर घोषित की थी। इसके जवाब में श्रीलंका-11 ने दूसरी पारी 6 विकेट पर 200 रन बनाकर घोषित कर दी। श्रीलंका-11 ने पहली पारी में 8 विकेट पर 363 रन बनाए थे।

गिल-जायसवाल की शतकीय साझेदारी

उंगली की चोट से वापसी कर रहे भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने 44 रन की पारी खेली। उन्होंने यशस्वी जायसवाल के साथ 105 रन की शानदार साझेदारी की। ऋषभ पंत ने 28 रन बनाए।

भारत की पहली पारी में देवदत्त पडिक्कल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 142 रन की नाबाद पारी खेली। रवींद्र जडेजा ने 63, केएल राहुल ने 40, मानव सुथार ने 41 और गुरनूर बरार ने नाबाद 36 रन बनाए।

श्रीलंका की दूसरी पारी में फर्नांडो का अर्धशतक

श्रीलंका-11 ने दूसरी पारी 45 ओवर में 6 विकेट पर 200 रन बनाकर घोषित की। निशान फर्नांडो ने 63 रन बनाए। निपुन धनंजया ने 46 और अंजला बंडारा ने 35 रन का योगदान दिया। रमेश मेंडिस 16 रन बनाकर नाबाद रहे।

भारत की ओर से रवींद्र जडेजा और गुरनूर बरार ने दो-दो विकेट लिए, जबकि मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा को एक-एक सफलता मिली।

मैच जीतने के बाद भी क्यों खेला भारत?

अभ्यास मैच का नतीजा किसी टेस्ट सीरीज या टूर्नामेंट की जीत-हार में नहीं जुड़ता। इसका मुख्य उद्देश्य खिलाड़ियों को पिच और परिस्थितियों के अनुकूल तैयार करना होता है। ऐसे मैचों में टीम अपने स्क्वाड के सभी 15 खिलाड़ियों को मैदान पर उतार सकती है। इसी वजह से भारत के जीतने के बाद भी केशरा नुवंथा का ओवर पूरा कराया गया और सिराज ने बची तीन गेंदें खेलीं।

चोट के बाद गिल की वापसी

अभ्यास मैच से एक दिन पहले ट्रेनिंग के दौरान शुभमन गिल की उंगली में चोट लग गई थी। इसके चलते वह शुरुआती दो दिन मैदान पर नहीं उतरे। उनकी गैरमौजूदगी में केएल राहुल ने टीम की कप्तानी संभाली। अब गिल की वापसी से टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम को राहत मिली है।

हालांकि, भारत को जसप्रीत बुमराह और वॉशिंगटन सुंदर के चोट के कारण बाहर होने से झटका लगा है। अगले सप्ताह गॉल में भारत का वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप अभियान फिर शुरू होगा।

Related Post