Fri, 09 18, 2026
देश

डॉक्टर के थप्पड़ से आहत युवक पेड़ पर चढ़ा, फंदा डालकर बैठा: 8 घंटे चला समझाइश का दौर, डॉक्टर एपीओ होने के बाद नीचे उतरा:

अपमान से आहत होकर उठाया कदम

post-img

 

अलवर। गढ़ीसवाईराम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर द्वारा थप्पड़ मारने से नाराज एक युवक सोमवार को अस्पताल परिसर में पीपल के पेड़ पर चढ़ गया और फंदा डालकर डाल पर बैठ गया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।

सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। युवक करीब 8 घंटे तक पेड़ पर बैठा रहा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लगातार समझाइश की। एक बार युवक नीचे आने के लिए तैयार हुआ और कुछ दूरी तक आया, लेकिन दोबारा पेड़ पर चढ़ गया।

पत्नी का इलाज कराने पहुंचा था अस्पताल

जानकारी के अनुसार चूंदाला गांव निवासी उम्मेदीलाल उर्फ पुजारी अपनी बीमार पत्नी को इलाज के लिए गढ़ीसवाईराम CHC लेकर आया था। आरोप है कि अस्पताल के वार्ड में ऑन-ड्यूटी डॉक्टर रमेश चंद मीणा और उम्मेदीलाल के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसी दौरान डॉक्टर द्वारा युवक को थप्पड़ मारने का आरोप है।

युवक का कहना था कि अस्पताल में लोगों के सामने थप्पड़ मारकर उसका अपमान किया गया। इससे आहत होकर वह अस्पताल से बाहर निकला और परिसर में स्थित पीपल के पेड़ पर चढ़ गया। उसने रस्सी से फंदा बनाया और डाल पर बैठ गया।

डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग

युवक की मांग थी कि थप्पड़ मारने वाले डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की जाए और डॉक्टर लोगों के सामने आकर उससे माफी मांगे। मौके पर राजगढ़ डीएसपी देशराज कुलदीप सहित पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

प्रशासन की ओर से युवक को कार्रवाई का भरोसा दिलाकर नीचे उतरने के लिए समझाया जाता रहा। देर रात डॉक्टर रमेश चंद मीणा को एपीओ किए जाने के बाद उम्मेदीलाल पेड़ से नीचे उतर आया।

घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने राहत की सांस ली। मामले में विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Related Post