Fri, 09 18, 2026
देश

क्षतिग्रस्त बिजली का पोल गिरने से पिता-पुत्र की मौत, मां झुलसी:

कुएं से पानी लेने जा रहा था परिवार

post-img

 

पाली। पाली जिले के खिंवाड़ा थाना क्षेत्र के पिलोवनी गांव में गुरुवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। कुएं से पानी लेने जा रहे एक परिवार पर खेत में लगा क्षतिग्रस्त बिजली का पोल अचानक गिर गया। बिजली के तारों की चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां का हाथ झुलस गया। घायल महिला को उपचार के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

कुएं से पानी लेने जा रहा था परिवार

थाना प्रभारी बलभद्र सिंह ने बताया कि उदयपुर जिले के देवला गांव निवासी रामाराम (45) पुत्र पिताराम गेमती अपनी पत्नी सूनड़ी देवी (42) और बेटे सेणाराम (15) के साथ पिलोवनी गांव में रहता था। रामाराम खेत में मजदूरी करने के साथ लकड़ी काटने का काम करता था।

गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे तीनों कुएं से पानी लेने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान खेत में लगे क्षतिग्रस्त बिजली के पोल के पास से गुजरते समय अचानक पोल गिर गया और बिजली के तार तीनों के ऊपर आ गिरे।

करंट की चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौत

बिजली के तारों की चपेट में आने से रामाराम और उसके 15 वर्षीय बेटे सेणाराम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सूनड़ी देवी भी करंट की चपेट में आ गई और उसका एक हाथ झुलस गया।

घटना के बाद ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

ग्रामीणों ने लगाया लापरवाही का आरोप

पिलोवनी निवासी श्रवण ने आरोप लगाया कि खेत में लगा बिजली का पोल काफी समय से क्षतिग्रस्त था। ग्रामीणों की ओर से पोल बदलने के लिए डिस्कॉम को कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन इसके बावजूद पोल नहीं बदला गया।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते क्षतिग्रस्त पोल को बदल दिया जाता तो यह दर्दनाक हादसा टाला जा सकता था। घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी है।

Related Post