Fri, 09 18, 2026
देश

 करणी विहार में गोलियों से भूनकर हत्या; पत्नी ने कहा- जेल लौटते समय टिफिन-पानी देकर भेजा था, पति ने फोन करने की बात कही थी, कुछ देर बाद मिली मौत की खबर:

जयपुर में खुली जेल के कैदी की दिनदहाड़े हत्या, पत्नी बोली- पुरानी रंजिश में पति को मारा; परिवार की सुरक्षा की चिंता

post-img

जयपुर। जयपुर के करणी विहार थाना क्षेत्र में खुली जेल के कैदी गंगासहाय कुमावत की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या के बाद उनका परिवार दहशत में है। पत्नी रोशन कुमावत को अब अपने बेटे और बेटियों की सुरक्षा की चिंता सता रही है। उनका आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते उनके पति की हत्या की गई।

घटना से एक दिन पहले ही रोशन अपने पति के लिए खाना और दवाइयां लेकर खुली जेल गई थीं। गंगासहाय की तबीयत खराब थी, इसलिए वह रातभर वहीं रुकीं। अगले दिन दोनों बाइक से धाभास स्थित घर पहुंचे। शाम को गंगासहाय वापस खुली जेल लौट रहे थे, तभी रास्ते में आरोपियों ने उन्हें गोली मार दी।

पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पति बोले थे- जेल पहुंचकर फोन करूंगा

गंगासहाय की पत्नी रोशन कुमावत ने बताया कि घटना से एक दिन पहले उनके पति को बुखार और उल्टी-दस्त की शिकायत थी। वह खुली जेल पहुंचीं और पति के लिए खाना बनाया। दवाइयां देने के बाद रात में वहीं रुक गईं।

बुधवार सुबह दोनों बाइक से धाभास स्थित घर पहुंचे। शाम को जब गंगासहाय वापस जेल जाने लगे तो पत्नी ने उन्हें सावधानी से जाने के लिए कहा। उन्होंने टिफिन और पानी की बोतल भी दी।

रोशन के मुताबिक, पति ने कहा था कि जेल पहुंचकर फोन करेंगे। लेकिन कुछ ही देर बाद उनके घायल होने की सूचना मिली।

सड़क पर खून, बिखरा टिफिन और खाना

रोशन ने बताया कि पहले उन्हें लगा कि शायद पति का मोबाइल रास्ते में गिर गया होगा। लेकिन जब बच्चे मौके पर पहुंचे तो वहां का दृश्य देखकर परिवार के लोग स्तब्ध रह गए।

सड़क पर खून फैला हुआ था। बाइक और हेलमेट सही हालत में थे, जबकि टिफिन और खाना भी सड़क पर बिखरा पड़ा था। परिजनों का कहना है कि इससे उन्हें हत्या की साजिश पहले से रचे जाने का शक है।

पत्नी का आरोप- पुरानी रंजिश में की गई हत्या

रोशन कुमावत ने बताया कि करीब 8 साल पहले उनके पति ने एक व्यक्ति की हत्या की थी। इस मामले में उन्हें सजा हुई थी। जेल में अच्छा आचरण होने के कारण बाद में उन्हें खुली जेल भेजा गया था।

पत्नी का आरोप है कि उसी पुराने मामले से जुड़े लोग गंगासहाय की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। उन्हें शक है कि उन्हीं लोगों ने हत्या की साजिश रची।

उन्होंने कहा कि उनके पति लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे और अब किसी विवाद में नहीं पड़ते थे।

जेल जाने से पहले इलेक्ट्रीशियन का काम करते थे

गंगासहाय जेल जाने से पहले इलेक्ट्रीशियन का काम करते थे। घर के पास ही उनकी दुकान भी थी। परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटियां और एक बेटा है।

पति की हत्या के बाद परिवार ने पुलिस से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने और पूरे परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

कई संदिग्ध हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ

करणी विहार थाना पुलिस और उच्च अधिकारी मामले की जांच में जुटे हैं। पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।

प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश समेत अन्य सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही हत्या के पीछे की पूरी साजिश का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Related Post