जयपुर। शिवदासपुरा रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार अलसुबह एक रेलवे कर्मचारी ने ट्रेन के आगे छलांग लगाकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान महेश तंवर (45) पुत्र प्रहलाद के रूप में हुई है। महेश रेलवे में ट्रैकमैन के पद पर कार्यरत था और शिवदासपुरा रेलवे स्टेशन स्थित रेलवे क्वार्टर में रहता था।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस को मृतक के पास एक सुसाइड नोट मिलने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि महेश ने आत्महत्या से पहले सुसाइड नोट लिखा और उसकी फोटो अपने परिचितों तथा दोस्तों को वॉट्सऐप पर भेजी थी। पुलिस अब इस सुसाइड नोट और उसमें लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।
पांच साल से पत्नी से चल रहा था विवाद
प्रारंभिक पुलिस जांच में सामने आया है कि महेश का अपनी पत्नी के साथ पिछले करीब पांच साल से विवाद और कानूनी मामला चल रहा था। वह पत्नी और बच्चों से अलग रह रहा था। सुसाइड नोट में महेश ने वैवाहिक विवाद, कोर्ट-कचहरी के चक्कर और परिवार से जुड़े विवादों को लेकर परेशान होने की बात लिखी है।
महेश ने नोट में आरोप लगाया कि वह पत्नी को हर महीने मेंटेनेंस दे रहा था, इसके बावजूद विवाद खत्म नहीं हो रहा था। उसने पत्नी और उसके परिजनों पर मानसिक रूप से परेशान करने के आरोप भी लगाए हैं। हालांकि, सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मौत से पहले वॉट्सऐप पर भेजा नोट
बताया गया है कि महेश ने एक पेज का सुसाइड नोट लिखा था। उसने इसकी फोटो अपने दोस्तों और परिचितों को वॉट्सऐप पर भेजी। इसके बाद मंगलवार सुबह करीब 4 बजे उसने शिवदासपुरा रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। करीब सुबह 5 बजे स्टेशन से लगभग 200 मीटर दूर रेलवे ट्रैक पर उसका शव मिला।
माता-पिता को लेकर भी लिखी भावुक बातें
सुसाइड नोट में महेश ने अपने माता-पिता को लेकर भावुक बातें लिखीं। उसने माता-पिता से माफी मांगते हुए कहा कि वह उनकी सेवा नहीं कर सका। उसने अपनी मौत के बाद माता-पिता को परेशान नहीं किए जाने की इच्छा जताई।
महेश ने यह भी लिखा कि यदि रेलवे की ओर से किसी प्रकार की आर्थिक सहायता मिलती है तो वह उसके माता-पिता को दी जाए, क्योंकि उसके अनुसार माता-पिता के लिए उसके अलावा कोई सहारा नहीं था। उसने अपने छोटे भाई और उसकी पत्नी की दुर्घटना में मौत का भी जिक्र किया।
अंतिम संस्कार को लेकर भी जताई इच्छा
सुसाइड नोट में महेश ने अपनी अंतिम क्रिया को लेकर भी इच्छा जाहिर की। उसने लिखा कि उसका अंतिम संस्कार उसके भतीजे विशाल और सपना के हाथों कराया जाए। साथ ही उसने अपनी पारिवारिक परिस्थितियों और पत्नी के साथ चल रहे विवाद को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
पुलिस ने सुसाइड नोट को जांच में शामिल कर लिया है। नोट में जिन लोगों और घटनाओं का जिक्र किया गया है, उनके संबंध में भी पुलिस तथ्यों की पुष्टि कर रही है। पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद ही मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
