डीग। डीग जिले का हिस्ट्रीशीटर विक्रम उर्फ टिल्ला मंगलवार को पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। सीकरी थाने की हवालात से फरार होने के बाद पुलिस ने उसे मध्यप्रदेश के रीवा से गिरफ्तार किया था। पुलिस टीम उसे डीग लेकर लौट रही थी, इसी दौरान नगर-नदबई रोड पर राठा के पास तालाब के समीप उसने एक कॉन्स्टेबल से हथियार छीनकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली बदमाश के दाहिने पैर में घुटने के नीचे लगी।
पुलिस टीम ने घायल हिस्ट्रीशीटर को हिरासत में लेकर नगर कस्बे के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे भरतपुर के आईबीएम अस्पताल रेफर कर दिया।
10 हजार रुपए का इनाम था घोषित
डीग एसपी कांबले शरण गोपीनाथ ने बताया कि विक्रम उर्फ टिल्ला (30) निवासी बलदेववास, सीकरी, 28 अगस्त को सीकरी थाने की हवालात से फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई थी और उस पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।
रीवा से किया गिरफ्तार
पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही थी। एएसआई सुल्तान सिंह को सूचना मिली कि विक्रम मध्यप्रदेश के रीवा जिले में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मध्यप्रदेश पहुंची और रीवा से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस उसे लेकर डीग के लिए रवाना हुई।
कॉन्स्टेबल का हथियार छीनकर की फायरिंग
पुलिस के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 11 बजे नगर-नदबई रोड पर राठा के पास तालाब के समीप विक्रम ने कॉन्स्टेबल दीनदयाल का हथियार छीन लिया। पुलिसकर्मियों ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इस दौरान एक गोली एएसआई सुल्तान सिंह की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी।
इसके बाद एएसआई सुल्तान सिंह ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। पुलिस की गोली विक्रम के दाहिने पैर में घुटने के नीचे लगी, जिससे वह मौके पर गिर गया। पुलिसकर्मियों ने उसे तत्काल हिरासत में लेकर अस्पताल पहुंचाया।
2024 में दर्ज हुआ था पहला मामला
एसपी गोपीनाथ के अनुसार विक्रम उर्फ टिल्ला के खिलाफ अब तक करीब 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ पहला मामला वर्ष 2024 में आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज हुआ था। इसके बाद वह लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ अवैध हथियार रखने, हत्या, लूट, चोरी और मारपीट सहित गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
