Fri, 09 18, 2026
देश

तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने ऑटो को मारी टक्कर, पति-पत्नी की मौत; बच्चे समेत 4 घायल:

स्कॉर्पियो ड्राइवर की तलाश कर रही पुलिस

post-img

 

जालोर/भीनमाल। जालोर जिले के भीनमाल में रानीवाड़ा रोड पर बुधवार रात तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सामने से ऑटोरिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो पलटकर सड़क किनारे जा गिरा। हादसे में ऑटो सवार पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि उनके बेटा-बेटी सहित चार लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घायल मासूम बेटा अपनी मां के शव के पास बैठकर रोता रहा।

भाई को राखी बांधने पीहर जा रही थी महिला

भीनमाल थानाधिकारी राजेंद्र सिंह राजपुरोहित ने बताया कि महिला अपने परिवार के साथ भाई को राखी बांधने के लिए रानीवाड़ा क्षेत्र के शिवगढ़ स्थित पीहर जा रही थी। इसी दौरान कोड़ी सगी नदी से पहले पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रही स्कॉर्पियो ने ऑटो को टक्कर मार दी।

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने ऑटो और स्कॉर्पियो में फंसे घायलों को बाहर निकाला और तत्काल भीनमाल के सरकारी अस्पताल पहुंचाया।

पति-पत्नी ने अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

दासपा बस स्टैंड के पास रहने वाले वरदाराम (42) पुत्र तेजाराम भील और उनकी पत्नी छगन देवी (40) को चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। वरदाराम मजदूरी का काम करता था।

हादसे में उनके दोनों बच्चे सुमेराराम (10) और जानू कुमारी (4), ऑटो चालक मसराराम भील तथा स्कॉर्पियो में सवार रोहित पुत्र रामाराम पुरोहित घायल हुए हैं।

बेटी और ऑटो चालक की हालत गंभीर

जानू कुमारी और ऑटो चालक मसराराम की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रेफर कर दिया गया। जानू कुमारी का गुजरात के पालनपुर स्थित अस्पताल में उपचार चल रहा है। वहीं सुमेराराम और रोहित को भीनमाल के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे के बाद मां के शव के पास रोता रहा मासूम

हादसे के बाद घटनास्थल का दृश्य बेहद मार्मिक था। घायल मासूम सुमेराराम अपनी मां के शव के पास बैठकर रोता रहा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे संभाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

स्कॉर्पियो चालक मौके से फरार

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ऑटोरिक्शा और स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है। हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

थानाधिकारी ने बताया कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के आधार पर हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

Related Post