बीकानेर। जोधपुर हाईवे पर मंगलवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन चचेरे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों बाइक से पलाना में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होकर अपने गांव स्वरूपदेसर लौट रहे थे। इसी दौरान पलाना और उदयरामसर के बीच गंगाशहर थाना क्षेत्र में एक अज्ञात भारी वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसा रात करीब 1 बजे जैन समाज के एक भवन के पास हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों युवकों के सिर में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद काफी देर तक सड़क पर खून बहता रहा। अधिक रक्तस्राव के चलते तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
राहगीर ने दी पुलिस को सूचना
गंगाशहर थानाधिकारी गणेश बिश्नोई ने बताया कि मृतकों की पहचान स्वरूपदेसर निवासी चन्दाराम, तोलाराम और महेंद्र सिहाग के रूप में हुई है। तीनों चचेरे भाई पलाना में एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे।
हादसे के बाद वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पीबीएम अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया।
सीसीटीवी से वाहन की तलाश
पुलिस हादसे के बाद मौके से फरार हुए अज्ञात वाहन और उसके चालक का पता लगाने में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसा किस वाहन से हुआ और दुर्घटना में गलती किसकी थी।
तीनों विवाहित, किराना दुकान पर करते थे काम
हादसे में एक ही परिवार के तीन युवकों की मौत से स्वरूपदेसर गांव में मातम पसरा हुआ है। बताया गया कि लाधुराम सियाग के तीन बेटों के एक-एक बेटे की इस हादसे में जान चली गई। तीनों युवक विवाहित थे और करीब दो साल के अंतराल में उनकी शादियां हुई थीं। तीनों किराना की दुकान पर काम करते थे।
