जयपुर। जयपुर के सीतापुरा इलाके में शादी से इनकार करने पर एक युवक ने रिश्तेदार युवती को गोली मार दी। आरोपी युवक करीब एक साल से युवती पर शादी के लिए दबाव बना रहा था। बुधवार रात वह हेलमेट लगाकर बाइक से युवती के फ्लैट पर पहुंचा और बातचीत के दौरान शादी करने के लिए कहा। युवती के मना करने पर आरोपी ने उसके सीने में गोली मार दी और मौके से फरार हो गया। घायल युवती का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
कमरे में अकेली थी युवती
घटना बुधवार रात करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। वारदात के समय युवती फ्लैट में अकेली थी। उसकी मां और भाई पास में दुकान पर गए हुए थे। फायरिंग की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे तो युवती कमरे में लहूलुहान हालत में पड़ी मिली।
पड़ोसियों ने घटना की जानकारी युवती की मां और भाई को दी। इसके बाद परिजन उसे तत्काल निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है।
एक साल से शादी का दबाव बनाने का आरोप
सांगानेर सदर थानाधिकारी कमलेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा सामने आया है। आरोपी युवक धौलपुर जिले का रहने वाला है और करीब एक साल से युवती पर शादी के लिए दबाव बना रहा था। युवती शादी नहीं करना चाहती थी, जिसके चलते दोनों के बीच विवाद चल रहा था।
युवती की मां के अनुसार, करीब 15 दिन पहले भी आरोपी उनके कमरे पर आया था और बेटी के साथ बदतमीजी की थी। इसके बाद परिजनों ने आरोपी के घरवालों से शिकायत की थी। मां ने बताया कि वह लड़के के घर जाकर इस बात की पुष्टि करके आई थी कि भविष्य में आरोपी युवती को परेशान नहीं करेगा और शादी के लिए दबाव नहीं बनाएगा।
हेलमेट पहनकर बाइक से पहुंचा आरोपी
पुलिस के अनुसार, बुधवार शाम आरोपी हेलमेट पहनकर बाइक से युवती के फ्लैट पर पहुंचा। उस समय युवती घर पर अकेली थी और कमरे का दरवाजा खुला था। आरोपी अंदर पहुंचा और शादी को लेकर बातचीत के बाद युवती के सीने में गोली मार दी। इसके बाद वह बाइक से फरार हो गया।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलने पर सांगानेर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। साथ ही फ्लैट और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और वारदात में इस्तेमाल हथियार तथा आरोपी के घटनास्थल तक पहुंचने और फरार होने के रास्ते की भी जांच की जा रही है।
