जोधपुर। विश्व आदिवासी दिवस के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे लोगों की पिकअप रविवार को नेशनल हाईवे-62 पर बावड़ी स्थित एचपी गैस सर्विस के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में पिकअप सवार 14 लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल दो लोगों की सोमवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। काफिले में शामिल अन्य लोगों ने घायलों को संभाला और बावड़ी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल रेफर किया गया।
30 वर्षीय रमेश और 15 वर्षीय सुरेश की मौत
इलाज के दौरान भोपालगढ़ के तांबड़िया निवासी रमेश (30) पुत्र खीयाराम और सोपड़ा निवासी सुरेश (15) पुत्र गजाराम ने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद घायल सड़क किनारे बैठ गए थे, जिन्हें साथ मौजूद लोगों ने संभालकर अस्पताल पहुंचाया।
23 लोग थे पिकअप में सवार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पिकअप में कुल 23 लोग सवार थे। अचानक वाहन अनियंत्रित होने से वह पलट गया। हादसे में भलाराम, शिवराम, दीनानाथ, नेनूराम, गोविंद, हरदेव, रामजीवन, भगवाना राम, लूणाराम, नरसिंग सहित अन्य लोग घायल हुए हैं।
घटना की सूचना पर ग्रामीण एसपी पंकज यादव बावड़ी चौकी पहुंचे और हादसे की जानकारी ली। भोपालगढ़ सीओ भंवरलाल और खेड़ापा थानाधिकारी लखाराम जाखड़ भी मौके पर पहुंचे। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पिकअप के अनियंत्रित होकर पलटने की बात सामने आई है।
