Fri, 09 18, 2026
देश

गोगेलाव के राम मंदिर में चोरी, ताले तोड़कर दो दानपात्र ले गए चोर:

मुंह पर सफेद कपड़ा बांधे दो संदिग्ध CCTV में कैद; दानपात्रों में 3 से 4.55 लाख रुपए से अधिक होने का अनुमान

post-img

 

 

गोगेलाव गांव स्थित राम मंदिर में गुरुवार रात चोरों ने ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर का मुख्य ताला तोड़कर अंदर घुसे और रुपए से भरे दो दानपात्र चोरी कर ले गए। शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे पुजारी पूजा-दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे, तब वारदात का पता चला।

मंदिर के पुजारी भरत महाराज ने बताया कि सुबह मंदिर पहुंचने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो दोनों दानपात्र गायब थे। उन्होंने तुरंत ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी।

दानपात्रों में लाखों रुपए होने का अनुमान

ग्रामीणों के अनुसार, दोनों दानपात्रों में लंबे समय से श्रद्धालुओं की ओर से चढ़ाई गई नकदी जमा हो रही थी। इनमें करीब 3 से 4.55 लाख रुपए या उससे अधिक राशि होने का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि दानपात्र बरामद होने और उनकी जांच के बाद ही वास्तविक रकम का पता चल सकेगा।

सफेद कपड़ा बांधे दो युवक CCTV में दिखे

चोरी की सूचना के बाद ग्रामीणों ने मंदिर और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में मुंह पर सफेद कपड़ा बांधे दो युवक मंदिर के पास से गुजरते हुए दिखाई दे रहे हैं। ग्रामीणों को आशंका है कि दोनों युवक चोरी की वारदात में शामिल हो सकते हैं।

CCTV फुटेज पुलिस को सौंप दिए गए हैं। पुलिस संदिग्ध युवकों की पहचान करने के साथ उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है। आसपास लगे अन्य CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि संदिग्धों की गतिविधियों और फरार होने के रास्ते के बारे में सुराग मिल सके।

लगातार चोरी से ग्रामीणों में नाराजगी

मंदिर में चोरी की घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गांव में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। ग्रामीणों ने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और रात के समय गश्त बढ़ाने की मांग की है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Post