Fri, 09 18, 2026
देश

पीतावास में कचरा डालने के विवाद ने लिया खूनी रूप, बुजुर्ग की मौत; 5-6 लोग हिरासत में:

सफाई अभियान में छूटा था कचरा

post-img

 

टोंक। जिले के बरौनी थाना क्षेत्र के पीतावास गांव में कचरा डालने की बात को लेकर हुए विवाद में घायल 62 वर्षीय बुजुर्ग हीरालाल गुर्जर की मौत हो गई। घटना के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हो गए, जिसके बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

सफाई अभियान के बाद शुरू हुआ विवाद

बरौनी थाना प्रभारी जयमल सिंह राठौड़ ने बताया कि बुधवार को पंचायत प्रशासन की ओर से पीतावास गांव में सफाई अभियान चलाया गया था। सफाई के बाद निकला कचरा एक पक्ष के घर के बाहर जमा रह गया। घर के मालिक हीरालाल गुर्जर ने इस पर नाराजगी जताते हुए पड़ोस में रहने वाले दूसरे पक्ष पर गंदगी फैलाने का आरोप लगाया।

बात बढ़ने पर दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए और देखते ही देखते लाठी-डंडों से मारपीट शुरू हो गई। घटना में दोनों पक्षों के करीब 5-6 लोग घायल हुए। सभी घायलों को उपचार के लिए सआदत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां गंभीर चोटों के चलते हीरालाल गुर्जर ने दम तोड़ दिया।

दोनों पक्षों के लोग घायल

मारपीट में मृतक का बेटा रामकुंवर और भतीजा महावीर भी घायल हुए हैं। वहीं दूसरे पक्ष से राजाराम (50), पाना देवी और नीरू के घायल होने की जानकारी सामने आई है। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।

परिजनों ने गिरफ्तारी की रखी मांग

बुजुर्ग की मौत के बाद गुरुवार को बरौनी थानाधिकारी जयमल सिंह राठौड़ पोस्टमार्टम कक्ष के बाहर पहुंचे और मृतक के परिजनों से बातचीत की। परिजनों ने पहले आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए पोस्टमार्टम करवाने से इनकार किया था।

थाना प्रभारी ने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने 5 से 6 लोगों को हिरासत में लिया है। उन्होंने परिजनों को आश्वासन दिया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए सहमत हुए और शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Related Post