Fri, 09 18, 2026
देश

NH-48 पर ट्रक ने पिकअप को मारी टक्कर, दोनों वाहन पुलिया से नीचे गिरे; क्रेन से हटाते समय ट्रक में लगी आग:

: बागावास अहिरान पुलिया के पास सुबह 5 बजे हुआ हादसा, पिकअप चालक केबिन में फंसा; 3 दमकलों ने ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू

post-img

कोटपूतली-बहरोड़। दिल्ली-जयपुर हाईवे (NH-48) पर मंगलवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। बागावास अहिरान पुलिया के पास पीछे से आ रहे एक ट्रक ने पिकअप को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों वाहन बेकाबू होकर पुलिया से नीचे सर्विस रोड पर जा गिरे। हादसे में पिकअप चालक घायल हो गया, जिसे पुलिस ने बाहर निकालकर पावटा उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

पुलिया से नीचे गिरे दोनों वाहन

बाभरू थाना अधिकारी प्रदीप सिंह ने बताया कि दोनों वाहन दिल्ली से जयपुर की ओर जा रहे थे। मंगलवार सुबह करीब 5 बजे बागावास अहिरान पुलिया पर पीछे चल रहे ट्रक ने पिकअप को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन पुलिया से नीचे सर्विस रोड पर जा गिरे।

हादसे में पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसका चालक केबिन में ही फंस गया। वहीं, टक्कर के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने घायल चालक को बाहर निकाला

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने क्षतिग्रस्त पिकअप में फंसे चालक को बाहर निकाला और उपचार के लिए पावटा उप जिला अस्पताल पहुंचाया। हादसे के कारण कुछ देर तक हाईवे पर जाम की स्थिति बनी रही।

क्रेन से हटाते समय ट्रक में लगी आग

हादसे के बाद दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से हटाया जा रहा था। इसी दौरान क्रेन से ट्रक को हटाते समय घर्षण के कारण ट्रक में रखे केमिकल ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते ट्रक में आग फैल गई।

तीन दमकलों ने ढाई घंटे में बुझाई आग

फायरमैन दीपक जाट, विकास सेन और नथूराम जाट ने बताया कि आग लगने की सूचना सुबह करीब 5:23 बजे मिली थी। इसके बाद कोटपूतली, पावटा और शाहपुरा से तीन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।

दमकलकर्मियों ने करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। केमिकल होने के कारण आग बुझाने में काफी सावधानी बरतनी पड़ी।

हाईवे पर यातायात सुचारू

हादसे के बाद कुछ समय तक NH-48 पर यातायात प्रभावित रहा। वाहनों को हटाए जाने के बाद फिलहाल हाईवे पर यातायात सुचारू रूप से जारी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।

Related Post