Sat, 09 19, 2026
देश

झुंझुनूं में कैंपर ने बाइक सवार दो दोस्तों को कुचला, दोनों की मौत:

होटल से खाना खाकर लौट रहे थे युवक; टक्कर के बाद कैंपर का टायर फटा, भागने के दौरान वाहन में लगी आग, ग्रामीणों ने दो आरोपियों को पकड़ा

post-img

 

 

झुंझुनूं में शुक्रवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। दोनों युवक होटल में खाना खाकर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बड़ागांव में गुढ़ागौड़जी थाना क्षेत्र के अंतर्गत कैंपर ने उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने सीकर में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद कैंपर चालक ने मौके से भागने की कोशिश की। इसी दौरान करीब आधा किलोमीटर आगे जाकर कैंपर का टायर फट गया और वाहन में आग लग गई। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने कैंपर में सवार दो लोगों को पकड़ लिया, जबकि दो अन्य लोग भागने में सफल रहे।

टक्कर इतनी तेज थी कि एक युवक ने मौके पर दम तोड़ा

गुढ़ागौड़जी थाना SHO इंद्र प्रकाश यादव ने बताया कि हांसलसर निवासी प्रदीप राव (30) पुत्र इंद्राज राव और सुभाष (32) पुत्र महिपाल शुक्रवार रात करीब 12 बजे होटल से खाना खाकर बाइक से अपने गांव लौट रहे थे।

बड़ागांव के पास पीछे से आए कैंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद प्रदीप ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं सुभाष गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए सीकर भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

दो मौतों से ग्रामीणों में आक्रोश

हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। दो युवकों की मौत से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने घटनास्थल पर नारेबाजी शुरू कर दी। स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से समझाइश की और स्थिति को संभाला।

हादसे के बाद दोनों मृतकों के शव मॉर्च्युरी में रखवाए गए हैं। शनिवार को पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है।

भागने की कोशिश में कैंपर का टायर फटा, लगी आग

SHO इंद्र प्रकाश यादव के अनुसार, हादसे के बाद कैंपर चालक ने मौके से भागने की कोशिश की। वाहन करीब आधा किलोमीटर तक भागा, तभी उसका टायर फट गया। टायर ब्लास्ट होने के बाद कैंपर में आग लग गई।

मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने कैंपर में सवार दो लोगों को पकड़ लिया। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है, जबकि दो अन्य लोगों के मौके से फरार होने की बात सामने आई है।

दोनों दोस्त थे और साथ रहते थे

पुलिस के अनुसार, प्रदीप और सुभाष आपस में दोस्त थे और साथ ही रहते थे। प्रदीप राव अविवाहित था। उसके माता-पिता का करीब पांच साल पहले निधन हो चुका था। परिवार में उसका एक बड़ा भाई और छोटी बहन है। बड़ा भाई टैक्सी चलाता है। प्रदीप फिलहाल कोई काम नहीं करता था।

वहीं सुभाष खेती का काम करता था। उसके बड़े भाई की करीब आठ साल पहले करंट लगने से मौत हो गई थी। उसकी एक बड़ी बहन है, जिसकी शादी हो चुकी है।

पुलिस अब कैंपर में सवार लोगों से पूछताछ के साथ हादसे के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Related Post