Fri, 09 18, 2026
देश

नागौर JLN हॉस्पिटल के बाथरूम में युवक के सीने पर गिरा पत्थर, मौत; परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप:

सीने में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती था 40 वर्षीय सुखराम; परिजनों ने 50 लाख रुपए मुआवजे और पत्नी को अनुकंपा नौकरी देने की मांग को लेकर शव लेने से किया इनकार

post-img

नागौर। जवाहर लाल नेहरू जिला अस्पताल में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब बाथरूम में एक युवक के सीने पर पार्टिशन का पत्थर गिर गया। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। परिजन उसे किसी तरह बेड तक लेकर पहुंचे, लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान सुखराम (40) निवासी चावंडिया, खींवसर के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया और समय पर ऑक्सीजन एवं उपचार नहीं मिलने का दावा किया। परिजनों ने शव लेने से इनकार करते हुए अस्पताल परिसर में धरना शुरू कर दिया।

सीने में दर्द की शिकायत पर अस्पताल में भर्ती था सुखराम

मृतक के भाई समाराम ने बताया कि सुखराम को 15 अगस्त को सीने में दर्द हुआ था। इसके बाद उसे नागौर के JLN अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे वह बाथरूम गया था।

परिजनों का आरोप है कि बाथरूम में पार्टिशन के लिए लगाया गया पत्थर अचानक टूटकर सुखराम की छाती पर गिर गया। इससे वह बेहोश होकर वहीं गिर पड़ा।

परिजनों का आरोप- समय पर नहीं मिली ऑक्सीजन

समाराम का आरोप है कि बाथरूम से सुखराम को बेड तक लाने के बाद उसे सांस लेने में परेशानी हो रही थी। परिजनों ने नर्सिंग स्टाफ से ऑक्सीजन देने और डॉक्टर को बुलाने के लिए कहा, लेकिन तत्काल उपचार नहीं मिला।

परिजनों के अनुसार कुछ समय बाद डॉक्टर पहुंचे, लेकिन तब तक सुखराम की मौत हो चुकी थी। उन्होंने अस्पताल स्टाफ की लापरवाही को मौत का कारण बताते हुए कार्रवाई की मांग की है।

50 लाख रुपए मुआवजे और पत्नी को नौकरी की मांग

सुखराम की मौत के बाद परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया और अस्पताल परिसर में धरने पर बैठ गए। परिजनों ने मृतक के आश्रित परिवार को 50 लाख रुपए की आर्थिक सहायता और उसकी पत्नी को अनुकंपा के आधार पर नौकरी देने की मांग रखी है।

परिजनों के अनुसार मृतक के परिवार में दो लड़के और दो लड़कियां हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है। उन्होंने कलेक्टर को शिकायत देकर मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इसके अलावा कोतवाली थाने में भी शिकायत दी गई है।

पीएमओ बोले- जांच के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा

JLN अस्पताल के पीएमओ डॉ. रामावतार जाखड़ ने बताया कि सुखराम को सीने में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसे 16 अगस्त को जोधपुर रेफर करने की सलाह भी दी गई थी, लेकिन परिजनों ने अगले दिन ले जाने की बात कही थी।

पीएमओ के अनुसार सोमवार सुबह सुखराम ICU में भर्ती था और टॉयलेट करने के लिए गया था। वहां अचानक उसके सीने में दर्द हुआ। दर्द के कारण उसने सहारे के लिए वहां लगे पत्थर को पकड़ने की कोशिश की और नीचे गिर गया।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से सामने आएगी मौत की असली वजह

पीएमओ ने कहा कि परिजनों की ओर से टॉयलेट में लगा पत्थर गिरने से चोट लगने का आरोप लगाया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मौत पत्थर की चोट के कारण हुई या हार्ट अटैक अथवा सीने में दर्द से जुड़ी किसी समस्या के कारण।

पुलिस ने शुरू की जांच

कोतवाली थानाधिकारी नंदलाल ने बताया कि मामले में शिकायत मिली है। पुलिस फिलहाल पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Post