राजसमंद के खमनोर थाना क्षेत्र के शिशोदा गांव में प्रॉपर्टी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद में एक बेटे ने अपने 75 वर्षीय पिता पर लाठी-कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वारदात का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जिसमें आरोपी बुजुर्ग पर लगातार हमला करता दिखाई दे रहा है।
घटना 7 जुलाई की सुबह करीब 8 बजे शिशोदा गांव के बाजार की बताई जा रही है। मृतक भंवरलाल सोनी सुबह दाढ़ी बनवाने के लिए गांव के एक सैलून पर गए थे। परिजनों के अनुसार, सैलून से बाहर निकलते ही उनके छोटे बेटे दिनेश सोनी ने अपनी पत्नी और बेटे के साथ मिलकर उन पर हमला कर दिया।
बचने के लिए हाथ जोड़ते रहे पिता
सीसीटीवी फुटेज में बुजुर्ग हमले से बचने की कोशिश करते और बेटे के सामने हाथ जोड़ते नजर आ रहे हैं। इसके बावजूद आरोपी ने उनके सिर समेत शरीर के कई हिस्सों पर लाठी से वार किए। हमले में भंवरलाल के सिर, हाथ, पीठ और पैरों में गंभीर चोटें आईं।
वारदात के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ भी दिखाई दे रही है, लेकिन किसी ने बीच-बचाव नहीं किया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। गंभीर हालत में भंवरलाल को नाथद्वारा अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिवार ने पहले भी हमले का लगाया आरोप
मृतक के बड़े बेटे सुरेश सोनी के अनुसार, परिवार में जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। परिजनों का आरोप है कि दिनेश अधिक जमीन अपने हिस्से में चाहता था। इसी विवाद को लेकर वर्ष 2020 में भी भंवरलाल पर हमला किया गया था।
परिवार ने यह भी बताया कि करीब आठ दिन पहले घर का बिजली मीटर जला दिया गया था। इसकी शिकायत पुलिस से की गई थी। इसके बाद दोबारा बुजुर्ग पर हमला होने से परिवार में आक्रोश है।
पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ दर्ज किया मामला
खमनोर थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि पोते गोविंद सोनी की शिकायत पर दिनेश सोनी समेत दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, पिता-पुत्र के बीच प्रॉपर्टी को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। जमीन के बंटवारे का मामला कोर्ट में भी विचाराधीन है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
