Sat, 09 19, 2026
देश

पुष्कर से कांवड़ लेकर लौट रहे 3 कांवड़ियों को ट्रक ने कुचला, 2 की मौत:

NH-48 पर झड़वासा के पास हादसा; सड़क किनारे रुके थे तीनों, एक गंभीर घायल अजमेर रेफर

post-img

 

 

अजमेर। पुष्कर से कांवड़ लेकर घर लौट रहे तीन कांवड़ियों को सोमवार सुबह नेशनल हाईवे-48 पर तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सुबह करीब 6 बजे ग्राम झड़वासा के पास हुआ।

जानकारी के अनुसार टांटोटी से 18 युवक पुष्कर कांवड़ लेने गए थे। वापसी के दौरान राहुल जैन (38), संपत्त रावत (42) और सचिन अलग-अलग बाइक से अपने साथियों के साथ टांटोटी लौट रहे थे। झड़वासा के पास तीनों टॉयलेट करने के लिए सड़क किनारे रुके थे। इसी दौरान नसीराबाद की ओर से आए ट्रक ने तीनों को चपेट में ले लिया।

हादसे के बाद साथी युवकों ने तीनों को तत्काल नसीराबाद के राजकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने राहुल जैन और संपत्त रावत को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल सचिन रावत को प्राथमिक उपचार के बाद जेएलएन अस्पताल अजमेर रेफर किया गया।

डेयरी संचालक था राहुल

मृतक राहुल जैन (38) डेयरी का संचालन करता था, जबकि संपत्त रावत (42) वेल्डिंग का काम करता था। राहुल के पिता ओमप्रकाश जैन टांटोटी नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन रह चुके हैं। राहुल की पत्नी कविता गर्भवती है और उनकी तीन साल की बेटी है। हादसे की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।

ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज

ग्राम भवानीपुरा निवासी किशनलाल रावत की रिपोर्ट पर नसीराबाद सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी राधेश्याम चौधरी ने बताया कि दोनों मृतकों के पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। घायल सचिन का अजमेर के जेएलएन अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related Post