Fri, 09 18, 2026
देश

गुरुग्राम लेडी बाइकर टक्कर मामला: दो आरोपी दौसा से गिरफ्तार:

गुरुग्राम में लेडी बाइकर को कार से टक्कर मारने वाले दो आरोपी दौसा से गिरफ्तार, मेहंदीपुर बालाजी में रुके थे

post-img

 

दौसा। गुरुग्राम में लेडी बाइकर को कार से टक्कर मारकर फरार होने के मामले में गुरुग्राम क्राइम ब्रांच ने मंगलवार को दौसा से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों को आगरा रोड स्थित दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के भांडारेज इंटरचेंज से पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कल्याण बैंसला (32), निवासी पलवल (हरियाणा) और उसके दोस्त लवनीश गुर्जर, निवासी पलवल के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि घटना के बाद आरोपी कल्याण बैंसला फरार होकर दौसा पहुंचा था। यहां वह अपने दोस्त लवनीश गुर्जर के साथ मेहंदीपुर बालाजी में करीब एक दिन रुका। गुरुग्राम क्राइम ब्रांच लगातार आरोपियों का पीछा कर रही थी और आखिरकार दोनों को भांडारेज इंटरचेंज के पास दबोच लिया गया।

दौसा सदर थाने में आवश्यक कार्रवाई और प्राथमिक रिपोर्ट के बाद दोनों आरोपियों को गुरुग्राम पुलिस अपने साथ ले गई। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी कैमरे से बचने के लिए अपने हाथों से चेहरा छुपाता नजर आया।

हत्या के प्रयास की धारा भी जोड़ी

मामले में गुरुग्राम पुलिस ने BNS की धारा 109 (हत्या का प्रयास) भी जोड़ी है। दौसा सदर थाना पुलिस के अनुसार गुरुग्राम के सेक्टर-56 थाने में मामले की रिपोर्ट दर्ज हुई थी।

सदर थाना SHO युधिष्ठिर ने बताया कि हादसे के बाद कल्याण बैंसला को उसका दोस्त निंदर पलवल लेकर आया था। वहीं उसके दोस्त प्रमोद पर उसे गांव टिकरी गुर्जर, पलवल से भगाने का आरोप है। गुरुग्राम पुलिस ने दोनों दोस्तों को भी गिरफ्तार किया है।

बाइक रोकने का इशारा, फिर ओवरटेक कर मारी टक्कर

मामला 13 सितंबर का है। दिल्ली निवासी शिवानी चौहान उर्फ सिया अपने बाइकिंग ग्रुप के साथ गुरुग्राम की गोल्फ कोर्स रोड पर स्पोर्ट्स बाइक चला रही थीं। सिया के मुताबिक, एक मारुति सियाज कार में सवार युवक बार-बार उनकी बाइक के पास आने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने युवकों से दूरी बनाए रखने को कहा, लेकिन आरोप है कि कार सवारों ने बाइक रोकने का इशारा किया।

सिया के अनुसार कार सवार युवक नशे में लग रहे थे। कुछ दूरी तक कार उनके पीछे चलती रही। इसके बाद कार सवारों ने ओवरटेक किया और बाइक को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही सिया बाइक समेत सड़क पर गिर गईं और बाइक काफी दूर तक घिसटती चली गई।

बाइकिंग ग्रुप के साथी ने किया पीछा

हादसे के बाद कार सवार युवक मौके से फरार हो गए। सिया के एक साथी राइडर ने बाइक से कार का पीछा किया, लेकिन ट्रैफिक सिग्नल के पास आरोपी रास्ता बदलकर पीछा कर रहे राइडर को चकमा देने में कामयाब हो गए। पूरी घटना बाइक में लगे कैमरे में रिकॉर्ड हुई।

सिया ने घटना का वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट 'रेबलव्हील्स सिया' पर भी साझा किया था, जिसके बाद मामला चर्चा में आया।

फैशन डिजाइनिंग कर चुकी हैं सिया

शिवानी चौहान उर्फ सिया दिल्ली की रहने वाली हैं और उन्होंने फैशन डिजाइनिंग का कोर्स किया है। उनके पिता रोशन चौहान के मुताबिक, शिवानी ने 2022 में आम आदमी पार्टी के टिकट पर दिल्ली के कालकाजी से नगर निगम चुनाव भी लड़ा था। रोशन चौहान भी आम आदमी पार्टी से जुड़े हुए हैं।

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और फरारी के दौरान उन्हें मदद पहुंचाने वालों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

Related Post