Fri, 09 18, 2026
देश

बालोतरा में HPCL की पाइपलाइन में सेंध लगाकर क्रूड ऑयल चोरी, 8 आरोपी पकड़े:

6 महीने से कर रहे थे पाइपलाइन की रेकी, बंजर जमीन में गड्ढा खोदकर लगाया वाल्व; एक सप्ताह में दो टैंकर क्रूड ऑयल चोरी करने का खुलासा

post-img

 

 

बालोतरा। एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी की पाइपलाइन में सेंध लगाकर क्रूड ऑयल चोरी करने वाले गिरोह का गुजरात एटीएस और राजस्थान पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में 8 आरोपियों को पकड़ा गया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी करीब 6 महीने से पाइपलाइन की रेकी कर रहे थे। इसके बाद बंजर जमीन में गहरा गड्ढा खोदकर पाइपलाइन में पंचर किया और वाल्व लगाकर क्रूड ऑयल चोरी करते थे।

एक सप्ताह में दो टैंकर क्रूड ऑयल चोरी

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने हाल ही में एक सप्ताह के भीतर करीब दो टैंकर क्रूड ऑयल चोरी किया था। चोरी किए गए तेल को बेचने के लिए गुजरात ले जाया गया। पुलिस अब चोरी के तेल की सप्लाई और पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है।

गुजरात में पकड़े आरोपी से खुला बालोतरा कनेक्शन

गुजरात एटीएस को सूचना मिली थी कि गुजरात और राजस्थान के कुछ लोग मिलकर बालोतरा में बंजर जमीन से गुजर रही एचपीसीएल की क्रूड ऑयल पाइपलाइन में सेंध लगाकर तेल चोरी कर रहे हैं। चोरी किए गए क्रूड ऑयल को अहमदाबाद-राजकोट हाईवे पर बेचने की साजिश थी।

10 अगस्त को टीम ने गुजरात के राजकोट जिले में कुवाडवा के पास सोखड़ा गांव जाने वाले रास्ते से धोराजी निवासी जयराज सिंह (34) को डिटेन किया। उसके कब्जे से क्रूड ऑयल मिला। पूछताछ में उसने बताया कि वह यह तेल बालोतरा जिले के कालूड़ी गांव से लेकर आया था।

पाइपलाइन में पंचर कर लगाया वाल्व

जयराज सिंह को बालोतरा के जसोल थाने ले जाकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने बताया कि कालूड़ी गांव में बंजर जमीन पर गहरा गड्ढा खोदकर एचपीसीएल की पाइपलाइन में पंचर किया गया था। इसके बाद पाइपलाइन में वाल्व लगाकर क्रूड ऑयल निकाला जाता था।

पुलिस ने एचपीसीएल अधिकारियों को सूचना दी। टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो पाइपलाइन में वाल्व लगा हुआ मिला। रिफाइनरी सिक्योरिटी सुपरवाइजर श्रवण कुमार जाट की शिकायत पर जसोल थाने में मामला दर्ज किया गया है।

बालोतरा के ढाबे से 7 अन्य आरोपी पकड़े

गुजरात एटीएस ने राजस्थान पुलिस की मदद से साजिश में शामिल 7 अन्य आरोपियों को 10 अगस्त की रात बालोतरा के टापरा गांव के पास एक ढाबे से डिटेन किया।

पकड़े गए आरोपियों में गुजरात के महेसाणा के नागलपुर निवासी घनश्याम सोनी (54), चालासण निवासी रमेश ठाकोर (41), महेश ठाकोर (32) और जोटाणा निवासी सुरेजी ठाकोर (32) शामिल हैं।

इनके अलावा जालोर के जसवंतपुरा निवासी और वर्तमान में अहमदाबाद में रहने वाले मुकेश कुमार मेघवाल (44), गुजरात के गांधीनगर के कालोल निवासी रणजीत चोरसिया (48) और उत्तर प्रदेश के इटावा के आसपुर निवासी दिलीप यादव (35) को भी पकड़ा गया है।

6 महीने से कर रहे थे पाइपलाइन की रेकी

एटीएस की जांच में सामने आया कि आरोपी करीब 6 महीने से पाइपलाइन की रेकी कर रहे थे। मुख्य आरोपी घनश्याम सोनी पाइपलाइन की लोकेशन देखने के लिए महेसाणा से जालोर के जसवंतपुरा में मुकेश मेघवाल के घर रुका था।

पुलिस के अनुसार मुकेश इस मामले में स्थानीय आरोपी है। रेकी पूरी होने के बाद करीब एक महीने से रणजीत, रमेश, सुरेजी, महेश और दिलीप यादव टापरा गांव के पास एक ढाबे पर रुके हुए थे।

चोरी का क्रूड ऑयल ब्यावर में बेचने की बात

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि क्रूड ऑयल चोरी की हालिया घटना 9 अगस्त को हुई थी, जिसका पता 10 अगस्त की रात चला। आरोपियों ने एक सप्ताह में करीब दो टैंकर क्रूड ऑयल चोरी करने की बात कबूल की है।

आरोपियों ने यह भी बताया कि चोरी किया गया क्रूड ऑयल ब्यावर निवासी गोविंदसिंह चौहान को बेचा गया था। हालांकि, पुलिस अब इस दावे की भी जांच कर रही है।

पूरे नेटवर्क की तलाश में जुटी एटीएस और पुलिस

एटीएस और राजस्थान पुलिस अब पाइपलाइन में पंचर कर वाल्व लगाने से लेकर क्रूड ऑयल चोरी करने और उसे बेचने तक की पूरी साजिश की जांच कर रही है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और चोरी किए गए क्रूड ऑयल की सप्लाई किन-किन स्थानों पर की गई।

Related Post