झुंझुनूं। जिले के सूरजगढ़ थाना क्षेत्र में रघुनाथपुरा टोल प्लाजा के पास गुरुवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां तेज रफ्तार ट्रक ने आगे चल रही कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए।
हादसा उस समय हुआ, जब ब्रेकर आने पर कार चालक ने वाहन की गति कम की। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।
कार का गेट तोड़कर घायलों को निकाला
हादसे की सूचना मिलते ही सूरजगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कार में सवार लोग बुरी तरह फंसे होने के कारण उन्हें बाहर निकालने में पुलिस और बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कार का गेट तोड़कर सभी लोगों को बाहर निकाला गया।
इसके बाद एंबुलेंस की मदद से घायलों को सूरजगढ़ के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
अस्पताल पहुंचते ही दो लोगों की मौत
सूरजगढ़ के सरकारी अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद चूरू हाल सीकर निवासी शर्मीला और गुढ़ा निवासी महेंद्र को मृत घोषित कर दिया।
वहीं हादसे में घायल सिथल निवासी ओमप्रकाश की हालत गंभीर बताई गई। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें झुंझुनूं के बीडीके अस्पताल रेफर किया गया।
हरिराम, शीशराम और आलोक, सभी निवासी शीशथल, का सूरजगढ़ के सरकारी अस्पताल में उपचार जारी है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद अस्पताल में मृतकों और घायलों के परिजनों तथा परिचितों की भीड़ जुट गई।
दिल्ली के आश्रम से धार्मिक यात्रा पूरी कर लौट रहे थे
एसआई कानाराम के अनुसार, कार में सवार सभी लोग दिल्ली स्थित एक आश्रम से धार्मिक यात्रा पूरी करने के बाद अपने घर लौट रहे थे। देर रात उनकी कार रघुनाथपुरा टोल प्लाजा के पास पहुंची।
बताया गया कि सड़क पर बने ब्रेकर के कारण कार चालक ने गति कम की। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक चालक ने कार को बचाने का प्रयास किया, लेकिन ट्रक कार से टकरा गया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का आगे और पीछे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। कार में सवार लोगों के अंदर फंस जाने के कारण पुलिस और बचाव दल को उन्हें बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने हादसे के संबंध में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
