टोंक लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को रोडवेज बस स्टैंड के पास स्थित एक मिठाई की दुकान पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान दुकान पर बड़ी मात्रा में खराब और दूषित खाद्य सामग्री मिलने से हड़कंप मच गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी सत्यनारायण गुर्जर के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान दुकान में रखी मिठाइयों और अन्य खाद्य सामग्री की जांच की गई। इस दौरान गुलाब जामुन, मावा बर्फी और चटनी खराब अवस्था में मिली। चटनी में कीड़े भी पाए गए।
20 किलो से ज्यादा खराब सामग्री मौके पर नष्ट
खाद्य सुरक्षा अधिकारी सत्यनारायण गुर्जर ने बताया कि जांच में स्वास्थ्य के लिए हानिकारक 20 किलो से अधिक खाद्य सामग्री मिली। टीम ने खराब गुलाब जामुन, मावा बर्फी और चटनी को मौके पर ही डस्टबिन में डलवाकर नष्ट कराया, ताकि कोई व्यक्ति इसका सेवन नहीं कर सके।
अधिकारी ने बताया कि खाद्य सामग्री की गुणवत्ता खराब पाए जाने और बासी सामग्री रखे जाने के मामले में संबंधित दुकानदार को नोटिस जारी किया गया है।
सात दिन में देना होगा स्पष्टीकरण
दुकानदार को अपनी लापरवाही के संबंध में 7 दिनों के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित अवधि में संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो संबंधित दुकानदार के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मामले में विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भी भेजी जा रही है।
कार्रवाई से दुकानदारों में मचा हड़कंप
खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई के बाद शहर में मिलावटी, बासी और दूषित खाद्य सामग्री बेचने वाले दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति है। विभाग की ओर से खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई के साथ खाद्य सामग्री की गुणवत्ता बनाए रखने की हिदायत दी जा रही है।
विभाग का कहना है कि लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले खाद्य कारोबारियों के खिलाफ आगे भी औचक निरीक्षण और कार्रवाई जारी रहेगी।
