भाजपा ने पांचवीं सूची में राजस्थान बेरोजगार एकीकृत महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष उपेन यादव और पत्रकार गोपाल शर्मा को भी उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आई पूर्व महापौर ज्योति खंडेलवाल को टिकट नहीं मिला है।
राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने 15 प्रत्याशियों की पांचवीं सूची जारी कर दी है। इनमें से दो सीटों पर प्रत्याशी बदले गए हैं। इनमें कोलायत सीट से पहले पूनम कंवर भाटी को टिकट दिया गया था, लेकिन अब उनके बेटे अंशुमान भाटी मैदान में उतारा गया है। इसी तरह बारां अटरू सीट से पूर्व घोषित प्रत्याशी सारिका सिंह चौहान का टिकट काटकर राधेश्याम बेरवा को दिया गया है। तीसरी सूची में भाजपा ने सारिका सिंह के नाम का एलान किया था। बताया जा रहा है कि जातीय पेच फंसने के कारण सारिका का काटा टिकट काटा गया है।
इसके अलावा भी लिस्ट में कई चौंकाने वाले नाम हैं। भाजपा ने पांचवीं सूची में राजस्थान बेरोजगार एकीकृत महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष उपेन यादव और पत्रकार गोपाल शर्मा को भी उम्मीदवार बनाया है। जबकि जयपुर की सबसे चर्चित सीटों में से एक किशनपोल पर नए चेहरे को मौका दिया गया है। हालांकि, इस सूची से कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामने वाली पूर्व महापौर ज्योति खंडेलवाल को झटका लगा है। पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया। बतादें कि पांच सूचियों में पांच भाजपा अब तक 197 प्रत्याशी घोषित कर चुकी है।
तीन सीटें अब भी बाकी
पांच सूचियों को मिलाकर भाजपा अब तक 197 उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। प्रदेश की तीन सीटें बाड़ी, बाड़मेर और पचपदरा ऐसी है जहां भाजपा ने अब तक प्रत्याशी घोषित नहीं किए हैं।
