विधानसभा चुनाव के लिए आचार संहिता जारी होते ही अब पार्टियों व प्रत्याशियों के व्यय को लेकर मंथन किया जा रहा है। जिला निर्वाचन विभाग ने खाने से लेकर बैठने, जनसभाओं पर खर्च होने वाले आइटमों के मूल्य निर्धारित कर दिए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने इन पर मुहर लगा दी है। प्रत्याशियों को एक चाय की कीमत 5 रुपए, कॉफी 13 व खाना 71 रुपए प्रति प्लेट के चुकाने होंगे। यानी ये प्रत्याशी के खाते में जुड़ेंगे जो चुनाव का खर्च होगा।
खाना-पीना महंगा हुआ, मिठाई भी महंगी
कचौरी, समोसा, आलू बड़ा (छोटा) 7 रुपए प्रति नग, इसी का बड़ा नग 15 रुपए, नमकीन 158 रुपए प्रति किलो, जलेबी 160 रुपए किलो, लड्डू 250 रुपए किलो, गुलाब जामुन 200 रुपए किलो, रसगुल्ला 200 रुपए किलो, बर्फी मावा 280 रुपए किलो, गाजर हलवा 300 रुपए, मूंग दाल 300 रुपए प्रति किलो, दाल की पकौड़ी 160 रुपए किलो, मूंगफली 105 रुपए किलो, रोटी, सब्जी, चावल, रायता व सलाद यानी 6 नग व एक नग मिठाई 71 रुपए लगेंगे।
फलों का सेवन करना भी आसान नहीं
केला 30 रुपए, सेब 100, अंगूर 100, संतरा 40 रुपए, आम 70 रुपए प्रति किलो लगेंगे। आरओ पानी की कैन 20 लीटर 20 रुपए, मिनरल वाटर प्रिंट रेट पर, कोल्ड ड्रिंक प्रिंट रेट, आइसक्रीम प्रिंट रेट, गन्ने का रस 10 रुपए का एक गिलास लगेगा। बर्फ की सिल्ली दो रुपए प्रति किलो के हिसाब से लगेगी।
कुर्सी से लेकर सोफा का किराया भी खूब
इसी प्रकार सभा व कार्यालय के लिए सामान प्लास्टिक कुर्सी 10 रुपए प्रति नग प्रतिदिन, पाइप कुर्सी 10 रुपए प्रति नग, वीआईपी कुर्सी 105 रुपए प्रति नग प्रतिदिन, लकड़ी की टेबल 53 रुपए प्रति नग प्रतिदिन, ट्यूबलाइट 10 रुपए प्रति नग, हैलोजन 500 वॉल्ट 42 रुपए के हिसाब से लगेगी। वीआईपी सोफा सेट मंगवाने पर 630 रुपए प्रति नग प्रतिदिन के हिसाब से खर्च लगेगा।
एलईडी टीवी 30 इंच के 420 रुपए प्रति नग प्रतिदिन, टैंट मय फिक्सिंग साइज 15 बाय 15 का 263 रुपए प्रति नग प्रतिदिन के हिसाब से लगेगा। लेक्चर स्टैण्ड 105 रुपए में गिना जाएगा। माला 11 रुपए प्रति नग, गुलदस्ता 210 रुपए, ड्रम बाजा, ढोल मय बजाने वाले के 210 रुपए काउंट होंगे।
सीलिंग फैन 53 रुपए, वाटर कूलर 363 रुपए प्रति नग, पानी का टैंकर 525 रुपए में लगेगा। कूलर 405 रुपए प्रति नग के हिसाब से लगाया जाएगा। एसी की दरें 735 रुपए प्रति नग प्रतिदिन के हिसाब से लगेंगी। इसी तरह जनरेटर, लाउड स्पीकर के लिए भी दरें तय कर दी गई हैं।
चुनाव प्रचार सामग्री की दरों में झंडे प्लास्टिक 2 रुपए, कपड़े के झंडे का मूल्य 11 रुपए, स्टीकर छोटा 5 रुपए, पोस्टर 11 रुपए, कटआउट वुडन, कपड़ा, प्लास्टिक के 51 रुपए प्रति वर्ग फीट के हिसाब से लगेंगे। होर्डिंग 53 रुपए, पम्फलेट 525 रुपए प्रति हजार के हिसाब से लगेंगे।
इसी प्रकार वाहन खर्चा प्रतिदिन कार (5 सीट से कम) का किराया 2625 रुपए तय किया गया है। कार (टाटा/इनोवा/समकक्ष) 3675 रुपए के हिसाब से खर्च आएगा। मिनी बस 20 सीटर 6300 रुपए खर्च लगेगा।
