जेडीए ने एक बार फिर कालवाड़ तहसील क्षेत्र में तीन जगहों पर कृषि भूमि पर अवैध से काटी जा रही अवैध कॉलोनियों के निर्माण ध्वस्त करने की बड़ी कार्रवाई की। जेडीए के मुख्य नियंत्रक प्रवर्तक धर्मेंद्र कुमार यादव ने बताया कि कालवाड़ रोड पर कृषि भूमि पर बिना जेडीए की स्वीकृति के भू-रूपांतरण एवं अनुमोदन करवाए बिना अवैध कॉलोनियां काटने की मिली शिकायत पर जोन 12 के प्रवर्तन दस्ते ने चंपापुरा-धर्मपुरा स्थित निजी अस्पताल के पीछे करीब तीन बीघा निजी खातेदारी कृषि भूमि पर शंकर विहार के नाम से काटी जा रही कॉलोनी के निर्माण जेसीबी से ध्वस्त किए। वहीं सरना चौड़ मीणों की ढाणी के पास करीब 6 बीघा कृषि भूमि पर कोमल नगर के नाम विकसित की जा रही कॉलोनी की सड़कों आदि निर्माण कार्य को ध्वस्त किया गया। वहीं ग्राम पिंडोलाई में करीब 2 बीघा कृषि भूमि पर स्वप्न लोक प्रथम के नाम से काटी जा रही कॉलोनी के निर्माण ध्वस्त करने की कार्रवाई की।
