Wed, 07 22, 2026
देश

मॉर्निंग वॉक पर जाने की कहकर निकले चंदवाजी थाने के हैड कांस्टेबल का थाने से करीब 200 मीटर दूर झाड़ियों में मिला शव:

3 दिन पहले ही तबादला होकर आया था

post-img

चंदवाजी थाने में तैनात हैड कांस्टेबल का शव गुरुवार सुबह थाने से 200 मीटर दूर हाईवे किनारे झाड़ियों में मिलने पर हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले के हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है। थानाप्रभारी सवाईसिंह ने बताया कि सुबह हैड कांस्टेबल भगवान सहाय मीणा थाने से रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकला था। प्रथम दृष्टया मॉर्निंग वॉक कर वापस लौटते समय थाने से करीब 200 मीटर दूर पीर बाबा की डूंगरी के पास किसी वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। इससे भगवान सहाय उछलकर हाईवे से करीब 25 फीट दूर झाड़ियों में जाकर गिरा, जिससे उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। जहां भगवान सहाय मीणा (46) पुत्र नानगराम निवासी हरवर थाना आमेर हाल हैड कांस्टेबल पुलिस थाना चंदवाजी मृत पड़ा मिला। पुलिस ने उच्चाधिकारियों को मामले से अवगत करवाया। सूचना पर जयपुर ग्रामीण एसपी डॉ.राजीव पचार, जमवारामगढ़ पुलिस उपाधीक्षक प्रदीप सिंह यादव, चंदवाजी थानाप्रभारी सवाई सिंह मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने भी मौके से नमूने लिए। इसके बाद पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंपा। जयपुर ग्रामीण एसपी डॉ.पचार ने बताया घटना को गंभीरता से लेकर हर पहलू की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

Related Post