Wed, 07 22, 2026
देश

मुख्यमंत्री के फोटो से अटकी अन्नपूर्णा फूड पैकेट योजना:

अक्टूबर माह के अंत तक फूड पैकेट मिलने की उम्मीद

post-img

विधानसभा चुनाव के चलते इस माह में वितरित होने वाले मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा फूड पैकेट का वितरण अटक गया है। अब इसके लिए फिर से बिना फोटो के बैग छपवाए जा रहे हैं। इस माह के अंत तक पैकेट उपलब्ध होने की उम्मीद है। इस माह दो पैकेट उपलब्ध कराए जाने थे।
प्रदेश में मंहगाई राहत शिविरों में मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा फूड पैकेट योजना के लिए रजिस्ट्रेशन किए गए थे। 15 अगस्त से उक्त योजना का शुभारंभ किया गया था। इसके तहत जिले के पंजीकृत करीब 1.86 लाख लाभार्थियों को फूड पैकेट वितरित किए गए थे। उक्त पैकेट पर मुख्यमंत्री की फोटो छपी हुई थी। गत दिनों विधानसभा चुनाव के चलते आदर्श आचार संहिता लागू होने के कारण मुख्यमंत्री की फोटो लगे पैकेट का वितरण नहीं किया जा सकता था, इसके कारण अक्टूबर माह में वितरित होने वाले फूड पैकेट को रोक दिया गया है। अब रसद विभाग की ओर से संबंधित सप्लाई फर्म को बिना फोटो के थैले में यह सप्लाई करने के लिए पाबंद किया गया है। इसके कारण अक्टूबर माह के फूड पैकेट का वितरण अब तक नहीं किया जा सका है। हालांकि इस माह के अंत तक फूड पैकेट मिलने की उम्मीद की जा रही है।
इस माह मिलने थे दो फूड पैकेट
मुख्यमंत्री ने अक्टूबर माह में एक अतिरिक्त फूड पैकेट उपलब्ध कराने की घोषणा की थी। इसके चलते अक्टूबर माह में दो पैकेट उपलब्ध कराए जाने थे, लेकिन थैले पर मुख्यमंत्री की फोटो छपी होने के कारण वितरण अटक गया। अब एक पैकेट इस माह के अंत तक और दूसरा पैकेट नवम्बर में मिलने की उम्मीद है। वहीं जिन राशन की दुकानों पर फूड पैकेट बचे हुए हैं उन्हें भी वापस मंगवाया जा रहा है।
पैकेट में यह मिलेगी सामग्री
मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा फूड पैकेट में एक किलो चना दाल, एक किलो चीनी, एक किलो नमक, 100 ग्राम मिर्च पाउण्डर, 100 ग्राम धनिया, 50 ग्राम हल्दी और एक लीटर तेल की बोतल दी जाएगी। एक पैकेट की कीमत करीब 370 रुपए हैं।

Related Post