इजरायल-हमास बढ़ते तनाव के बीच अजमेर जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। जिला प्रशासन पुष्कर में स्थित यहूदी धर्मस्थल बेदखाबाद की सुरक्षा बढ़ा दी है। बेदखाबाद की सुरक्षा के लिए जवान तैनात कर दिए हैं। धर्मस्थल बेदखाबाद पर यहूदी धर्म से जुड़े इजरायली पर्यटक रोजाना प्रार्थना करने के लिए सुबह-शाम आते हैं। समय-समय पर यहां पर इजरायल धर्म के अनुसार खानुकापुरम शबात पर्व भी मनाए जाते हैं। हमास और इजरायल के बीच चल रहे युद्ध के बीच पुष्कर में रह रहे इजरायली पर्यटकों की सुरक्षा के लिए पुलिस और मेवाड़ भील क्रॉप्स के जवान विशेष नजर रखे हुए हैं। पुलिस की ओर से धर्मस्थल पर एक दीवान, चार कांस्टेबल सशस्त्र पहरा दे रहे हैं। इसके अलावा एमबीसी यानी मेवाड़ भील क्रॉप्स के दो हेड कांस्टेबल 8 सिपाही सशस्त्र 24 घंटे मुख्य द्वार पर पहरा दे रहे हैं। इसके साथ ही सदा वस्त्रधारी पुलिस भी पर्यटकों से भरे इलाके, होटल, रेस्टोरेंट में विशेष नजर रखे हुए है।
150 इजरायली पर्यटक पुष्कर में मौजूद
इजराइल और हमास के बीच युद्ध होने के साथ ही पुष्कर में रह रहे इजरायली पर्यटकों में दहशत बनी हुई है। यह कारण है कि वह पल-पल मोबाइल पर अपनी परिजनों से बात कर कर ताजा घटना की जानकारी ले रहे हैं। युद्ध शुरू होने के बाद से लेकर अब तक करीब 200 पर्यटक जो सेना से सीधेतौर पर जुड़े हुए थे पुष्कर छोड़ चुके है। लेकिन इजराइल के लिए फ्लाइट बंद होने की वजह से अनेक पर्यटक अभी भी पुष्कर में ठहरे हुए हैं। जाने का इंतजार कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि मौजूदा वक्त करीब 150 इजरायली पर्यटक अभी भी पुष्कर में हैं।
