Wed, 07 22, 2026
देश

देशभर में मानसून का असर: बिलासपुर में 93 साल का रिकॉर्ड टूटा, कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट:

छत्तीसगढ़ में 16 इंच बारिश, यूपी के सभी 75 जिलों में अलर्ट, अरुणाचल में बाढ़-भूस्खलन से 1.13 लाख से अधिक लोग प्रभावित

post-img

नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में शनिवार को 16 इंच बारिश दर्ज होने के साथ 93 साल पुराना रिकॉर्ड टूट गया। इससे पहले वर्ष 1993 में यहां 14.93 इंच बारिश दर्ज की गई थी। लगातार बारिश से शहर के निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।

उत्तर प्रदेश में मौसम विभाग ने लखनऊ, कानपुर, बाराबंकी सहित सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। वाराणसी में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से दशाश्वमेध घाट की कई सीढ़ियां जलमग्न हो गई हैं, जिसके चलते गंगा आरती को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया गया है। झांसी में मात्र 15 मिनट की बारिश के बाद तापमान में करीब 7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।

अरुणाचल प्रदेश में लगातार बारिश के कारण बाढ़ और भूस्खलन की स्थिति गंभीर बनी हुई है। अपर सुबनसिरी जिले के कई गांवों में फ्लैश फ्लड और लैंडस्लाइड की घटनाएं सामने आई हैं। राज्य में अब तक 1,13,674 से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हो चुके हैं।

इधर, बंगाल की खाड़ी में सक्रिय निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से गुजरात के कई हिस्सों में भी तेज बारिश हुई है, जबकि बिहार के कई जिलों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जम्मू-कश्मीर में चिनाब नदी का जलस्तर बढ़ने पर सलाल बांध के सभी गेट खोल दिए गए हैं और प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

राजस्थान में मानसून फिलहाल कमजोर बना हुआ है। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के 10 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। हालांकि, राज्य में अब तक सामान्य से करीब 21 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है।

Related Post