रोशनी के पर्व दिवाली की तैयारियों को लेकर घरों की सफाई, पेंट-पुताई का दौर जारी है। एंसे में धूल, मिट्टी से एलर्जी के मरीज बढ़ रहे हैं। श्रीसांवरियाजी जिला अस्पताल सहित विभिन्न सीएचसी-पीएचसी, निजी अस्पतालों, आयुर्वेदिक-होम्योपेथिक क्लीनिक में 80 से 100 मरीज पहुंच रहे हैं। इनमें सबसे ज्यादा परेशानी खांसी-जुकाम वाले मरीजों की है। दिवाली पर घरों की सफाई और रंग-रोगन का काम चल रहा है।
बारीक धूल-मिट्टी से लोगों को खांसी-जुकाम, गले में खराश की शिकायत हो रही है। युवाओं, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को ज्यादा दिक्कते हो रही हैं। खांसी के साथ हल्का बुखार भी महसूस हो रहा है। चिकित्सकों की मानें तो धूल-मिट्टी के कारण एलर्जी का असर बढ़ा है। यह अभी 15-20 दिन तक और रहेगा।
मौसम बदलने का असर: पिछले दस दिन से लगातार मौसम बदल रहा है। दिन में धूप अधिक होने से गर्मी और रात में हल्का ठंडापन रहने लगा है। मौसम बदलने से भी खांसी-जुकाम के मरीज बढ़े हैं।
इन चीजों से करें बचाव
- धूल-मिट्टी वाले स्थान से रहें दूर
- घी, तेल का कम करें सेवन
- फ्रिज के ठंडे पानी का नहीं करें इस्तेमाल
- ताजा बना खाना ही खाएं
- मुंह पर मास्क अथवा कपड़ा लगाएं
- चिकित्सक से तत्काल परामर्श लें
