झोटवाड़ा विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी और जयपुर ग्रामीण सांसद कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने शनिवार को अपना नामांकन भरा। इससे पूर्व विशाल नामांकन सभा का आयोजन किया गया। सभा को उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं केंद्र सरकार में विज्ञान और प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह ने संबोधित किया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कर्नल राज्यवर्धन ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि 10 सालों में सांसद रहते हुए जयपुर ग्रामीण के हर क्षेत्र में भरपूर विकास करवाया है और अब पीएम मोदी की गारंटी के साथ झोटवाड़ा को सबसे शानदार विधानसभा क्षेत्र बनाने का संकल्प लिया है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जब दोनों पहिए बराबर काम करते हैं, तब ही पूरी तरह विकास हो पाता है। प्रदेश की जनता ने 25 के 25 सांसद लोकसभा में भेजकर मोदी को मजबूती दी तो मोदी सरकार ने जो कहा वो किया, लेकिन पिछले पांच सालों से प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने जिस प्रकार खिलाफत की वह सभी जानते हैं। पांच साल कांग्रेस ने जनता की नहीं सिर्फ कुर्सी की चिंता की। पिछले पांच सालों में राजस्थान में 35 हजार महिलाओं के साथ दुष्कर्म हुआ, 7 हजार 700 महिलाओं की हत्या हुई, कन्हैयालाल की गर्दन काटकर वीडियो बनाया गया, सरकारी कार्यालयों में सोना और पैसा मिला, जल जीवन मिशन में भ्रष्टाचार के चलते जनता को पीने का पानी नहीं मिला, युवाओं को रोजगार नहीं मिला, किसानों का ऋण माफ नही हुआ, प्रदेश की जनता ने अपने आप को ठगा हुआ महसूस किया। प्रदेश की जनता ने 25 नवंबर को वोट की चोट से प्रदेश से कांग्रेस को उखाड़ फेंकने का मन बना लिया है।
प्रदेश में कमल का फूल खिलाएं : मौर्य
सभा में केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि देश में जहां भी भ्रष्टाचार, तुष्टीकरण, अपराधियों को संरक्षण है, वहां कांग्रेस है, 2014 तक जब ये सरकार में थे तो 12 करोड़ के घोटाले किए थे। मोदी के आने के बाद देश को भ्रष्टाचार मुक्त बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा पहले जिस राजस्थान का उदाहरण पूरे देश में दिया जाता था, वहां कानून व्यवस्था ध्वस्त और भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड टूट चुके हैं। मतदाता सब कुछ भूलकर मेरा बूथ सबसे मजबूत का संकल्प ले और प्रदेश में कमल का फूल खिलाएं।
प्रदेश में डबल इंजन की सरकार बनाएं : सिंह
राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि पीएम मोदी ने आपके बीच थ्री इन वन केंडिडेट चुनकर भेजा है, जो भारत माता, भारतीय सेना और भारतीय जनता पार्टी को भी समर्पित है। कर्नल राज्यवर्धन को बहुमुखी अनुभव है। जितेंद्र सिंह ने राजस्थान के विकास, महिला, किसान, युवा सहित समाज के प्रत्येक वर्ग के सम्मान के लिए प्रदेश में डबल इंजन की सरकार बनाने का आह्वान किया।
