नवरात्रा के साथ ही बाजार में खरीदारी के विशेष संयोग बन रहे है। इसे लेकर जयपुर के बाजारों में व्यापारियों ने पूरी तैयारी कर ली है। होलसेल बाजार में खरीदारी जोरों पर शुरू हो चुकी है, जबकि रिटेल बाजार में दुकानें सज चुकी है। नवरात्र के साथ ही बाजार में ग्राहकों की भीड़ उमड़ेगी। इस बार नवरात्र में 9 दिन खरीदारी के विशेष संयोग बन रहे है, जेा सुख—समृद्धि लेकर आएंगे। वहीं व्यापारियों को इस साल 30 फीसदी व्यापार बढ़ने की उम्मीद है। शारदीय नवरात्र आश्विन शुक्ल प्रतिपदा पर 15 अक्टूबर को शुरू हो रहे है। इसके साथ ही बाजार में खरीदारी शुरू होगी। बाजार में भी कोरोना की मार खत्म सी हो चुकी है। दुकानदारों में भी उत्सवी माहौल नजर आने लगा है। व्यापारियों की मानें तो नवरात्र व त्योहारों के लिए व्यापारियों ने स्टॉक कर लिया है। त्योहारों को लेकर होलसेल बाजार में एक माह पहले से ही खरीदारी शुरू हो चुकी थी। शहर के कपड़ा बाजार से लेकर ज्वैलरी मार्केट सजकर तैयार है। बर्तन, किराना, ड्रायफ्रूट्स की दुकानें भी सजकर तैयार है। व्यापारी नवरात्र शुरू होने का इंतजार कर रहे है। हालांकि बाजार में अभी से खरीददारी की रौनक नजर भी आने लगी है।
