सेवा का जज्बा लिए भर्ती होने वाले होम गार्ड जवानों की चुनाव ड्यूटियों के समय विभाग को याद आती है, जबकि पूरे समय वे अपना काम करते हैं। चुनाव के दौरान इनको ड्यूटी के लिए पाबंद कर दिया जाता है। अब विधानसभा चुनाव में भी होमगार्ड जवानों को याद किया जा रहा है। जिले में बॉर्डर व अर्बन होमगार्ड के करीब बारह सौ जवान है लेकिन इनमें से करीब पांच सौ जवानों को ही साल भर कार्य मिल पाता है।
बॉर्डर होमगार्ड
बॉर्डर होमगार्ड के अधिकारियों ने बताया कि यहां बॉर्डर होमगार्ड में करीब 600 जवान है। इनमें से करीब चार सौ जवानों को पूरे साल भर ड्यूटी रहती है। इन जवानों की ड्यूटियां प्रदेश में स्थित बड़े थर्मल पावर प्लांट, बिजली घरों, हाईकोर्ट, वन विभाग व खनन विभाग में लगी रहती है। चुनाव के दौरान पांच सौ से अधिक जवानों को मांगा जाएगा। इसके लिए इन जवानों को उनके ड्यूटी स्थान से वापस बुलाया जाएगा। इसके अलावा शेष रहे जवानों को भी चुनाव ड्यूटी के लिए बुलाया जा सकता है। बॉर्डर होमगार्ड के 150 जवान वन विभाग, 175 जवान खनन विभाग में ड्यूटी कर रहे हैं।
अर्बन होमगार्ड
अर्बन होमगार्ड के अधिकारियों ने बताया कि अर्बन होमगार्ड में करीब 668 जवान है। इनमें से करीब 30 प्रतिशत से भी कम जवानों को ड्यूटियां मिल पाती है। चुनाव के दौरान इन जवानों को ड्यूटी के लिए बुलाया जाता है। इसके अलावा समय में ये जवान अपना-अपना कार्य करते हैं। अब करीब 600 जवानों को चुनाव ड्यूटी के लिए बुलाया जा सकता है। इस ड्यूटी के लिए जवानों को पाबंद किया हुआ होता है।
