Thu, 07 23, 2026
देश

3 राज्यों में वापसी पक्की! 2024 में... मतदान से पहले इतने आश्वस्त कैसे हैं भाजपा के 'चाणक्य' शाह:

2024 के लोकसभा चुनाव से पहले पांच राज्यों में हो रहे विधानसभा चुनाव को सत्ता का सेमीफाइनल

post-img

2024 के लोकसभा चुनाव से पहले पांच राज्यों में हो रहे विधानसभा चुनाव को 'सत्ता का सेमीफाइनल' माना जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह भाजपा की तरफ से तो राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत पूरी ब्रिगेड ने कांग्रेस की तरफ से अपनी ताकत झोंक रखी है। जनता को लुभाने की हर कोशिश हो रही है। वार-पलटवार के बीच दावे भी खूब किए जा रहे हैं। शाह को सियासी गलियारों में भाजपा का 'चाणक्य' कहा जाता है। विधानसभा चुनाव के बीच ही चाणक्य ने 2024 को लेकर बड़ा दावा कर दिया है। उनके बारे में कहा जाता है कि एक चुनाव जिस दिन समाप्त होता है, उसी दिन शाम 6 बजे वह दूसरे चुनाव की रणनीति बनाने में जुट जाते हैं। एमपी और छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनावों में भाजपा के लिए लड़ाई कठिन मानी जा रही थी। ऐसे में दोनों राज्यों में चुनाव प्रचार की कमान खुद शाह संभाले हुए हैं। चुनाव के बीच वह पूरी तरह से आश्वस्त दिख रहे हैं। एक इंटरव्यू में उन्होंने दावा किया कि तीनों हिंदीभाषी राज्यों यानी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। वैसे, इसी तरह का दावा बीजेपी ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव में भी किया था? इस सवाल पर शाह ने कहा कि हां, वहां हमारा आकलन सही नहीं निकला। कर्नाटक में हम जनता को समझा नहीं सके या उन्होंने हमारी नहीं सुनी। शाह ने आगे दावा कर दिया कि लोकसभा चुनाव में देखिएगा, कर्नाटक में भाजपा क्लीन स्वीप करेगी।
'भाजपा के साथ है युवा'
शाह ने तीनों राज्यों को लेकर अपना विश्लेषण भी सामने रख दिया। उन्होंने कहा, 'मैं मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में करीब ढाई महीने से देख रहा हूं। साफ तौर पर कांग्रेस के खिलाफ माहौल है।' शाह ने कहा कि राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार और विकास से भटके प्रशासन का जनता पर असर पड़ा है। उधर, मोदी सरकार की तारीफ करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि शहरी और युवा मतदाता पूरी तरह से भाजपा के साथ है। उन्होंने यह भी कह दिया कि देश में सबसे बड़ा वोट युवाओं का है और पीएम मोदी युवाओं के मन में भारत के मजबूत भविष्य की तस्वीर बनाने में सफल रहे हैं। युवा आशान्वित हैं। शाह ने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी की कल्याणकारी योजनाओं ने 70 फीसदी लोगों का जीवन बदल दिया है। इसी के दम पर अगले लोकसभा चुनाव में भी मोदी सरकार बड़े बहुमत से बनेगी।

 

Related Post