ऐतिहासिक राजसमंद झील के करीब छह वर्ष बाद एक बार फिर से छलकने पर इसकी रपट के साथ ही नौ-चौकी और एरिगेशन गार्डन पर शहरवासियों और पर्यटकों की खासी भीड़ उमड़ रही है। नगर परिषद की ओर से परिषद सीमा क्षेत्र में झील के नजारे को और भी आकर्षक रूप देने के लिए आकर्षक लाईटें लगवाई गई है। नगर परिषद सभापति अशोक टांक ने बताया कि राजसमंद झील का छलकना एक ऐतिहासिक अवसर है। संभाग सहित दूरदराज से लोग भी इसे देखने के लिए लोग पहुंच रहे हैं। ऐसे में झील की रपट के साथ ही ऐतिहासिक नौचोकी पाल, एरिगेशन गार्डन से लेकर प्रभु द्वारिकाधीश मंदिर के जलघरा घाट क्षेत्र में सुबह से लेकर देर रात तक लोगों का मजमा लगा रहता है। आमजन की सुविधा के लिए नगर परिषद की ओर से लाइटिंग की व्यवस्था की गई है। झील के तीनों प्रमुख स्थानों पर आकर्षक रंगबिरंगी लाइटें लगवाई गई है, जिससे लबालब हुई झील का नजारा और भी काफी आकर्षक दिखाई देने लगा है। झील छलकने की खुशी में भाणा रोड पर झील की रपट पर रविवार को जेसी ग्रुप की ओर से दोपहर 3 बजे बाद नि:शुल्क अल्पाहार करवाया जाएगा। अल्पाहार के रूप में पकौड़े के साथ ही नवरात्रा के चलते सेगारी नाश्ता की भी नि:शुल्क व्यवस्था की गई है।
