राजस्थान कांग्रेस ने देर रात 23 प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी। इसमें दिग्गज मंत्री महेश जोशी का टिकट तो कटा ही सीएम अशोक गहलोत के आवास पर शक्ति प्रदर्शन करने वाले उनके ओएसडी लोकेश को भी नहीं मिला।
विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस ने शनिवार देर रात 23 नामों की सूची जारी कर दी। इसमें पीएचईडी मंत्री महेश जोशी का टिकट कट गया। उनकी जगह शहर कांग्रेस अध्यक्ष आरआर तिवाड़ी को टिकट दिया गया। हालांकि तिवाड़ी ने शनिवार सुबह ही निर्वाचन आयोग में अपना नामांकन कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में दाखिल कर दिया था। उन्हें पहले ही टिकट कंफर्म होने की सूचना दे दी गई थी। इधर, टिकट कटने के कुछ घंटों पहले डॉ. महेश जोशी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो डाला, जिसमें वे मंदिरों में जाकर आराधना कर रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने अपने सरकारी बंगले में जनसुनवाई करते हुए का वीडियो और पोस्ट किया।
वहीं, इस सूची ने सीएम अशोक गहलोत के ओएसडी लोकेश शर्मा के लिए भी दरवाजे बंद कर दिए हैं। लोकेश शर्मा पहले बीकानेर पश्चिम फिर भीलवाड़ा से टिकट की मांग कर रहे थे। इसे लेकर पिछले दिनों लोकेश शर्मा ने सीएम आवास पर अपने समर्थकों के साथ शक्ति प्रदर्शन भी किया था। इसमें कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने शर्मा के समर्थकों को भरोसा दिया था कि पार्टी अपने कार्यकर्ताओं का ध्यान रखेगी।
