Wed, 07 22, 2026
देश

झांसा देकर थमाए तीन लाख के चिल्ड्रन नोट:

प्रार्थी को इसके बदले दुगुनी राशि लौटाने का किया था वादा

post-img

वरदा थाना क्षेत्र के तलैया भैमात फला में उधार ली गई राशि दुगुनी चुकाने का झांसा देकर तीन लाख के चिल्ड्रन नोट एक युवक को थमाने का मामला सामने आया है। इस पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही आगे की पूछताछ शुरू कर दी है।
थानाधिकारी लालसिंह निनामा ने बताया कि तैलया भैमात फला के दिनेश पुत्र हुरजी रोत ने रामपुर सलूम्बर निवासी रमेश पुत्र नानाहरी मीणा को कुछ दिनों पहले डेढ़ लाख रुपए उधार दिए थे। आरोपी ने प्रार्थी को इसके बदले दुगुनी राशि लौटाने का वादा किया था। इसी सिलसिले में आरोपी मंगलवार रात को प्रार्थी के घर आया और उसने रुपए से भरा कट्टा दिया। कट्टे में उसने तीन लाख रुपए होना बताया और यह रुपए दो दिन बाद गिनने को कहा। इस पर प्रार्थी को शंका हुई एवं भीतर जाकर कट्टा खोला तो उसमें चिल्ड्रन नोट थे। इसी बीच आरोपी युवक को पकड़कर चिल्ड्रन नोट के कट्टे के साथ पुलिस को सौंपा। पुलिस ने दिनेश की रिपोर्ट पर रमेश को गिरफ्तार कर लिया और नोटों को जब्त कर लिया।
पुलिस ने बताया कि प्रार्थी दिनेश अहमदाबाद में हलवाई का काम करता था। डेढ़ वर्ष पूर्व आरोपी रमेश से पहचान हुई। कुछ समय पहल दिनेश की पत्नी का स्वास्थ्य खराब होने पर वो अहमदाबाद से अपने घर आने लगा। इस दौरान आरोपी रमेश भी उसके साथ गांव आया। यहां पर उसने प्रार्थी की पत्नी की झांड फूंक की। इसके बाद दोनों की दोस्ती भी गहरी हो गई। इसी दौरान रमेश को रुपए की जरूरत होने पर दिनेश से उधार लिए। दिनेश के आनाकानी करने पर रुपए दुगुने वापस देने का झांसा दिया। जिसके बाद दिनेश ने डेढ़ लाख रुपए दिए। तय समय पर वापस नहीं देने पर लगातार राशि का तकाजा किया जा रहा है। इसी बीच रमेश ने चिल्ड्रन नोटों से भरा कट्टा थमाने का षडयंत्र रचा।
अहमदाबाद से खरीदे थे चिल्ड्रन नोट
थानाधिकारी ने बताया कि आरोपी रमेश अहमदाबाद से हर बार 20 रुपए का एक बंडल चिल्ड्रन नोट का खरीदता था। यहां लाकर बच्चों को 150 रुपए में बेच देता था। आरोपी द्वारा अवधि अनुसार उधार राशि नही लौटाने पर प्रार्थी उसको फोन कर परेशान करने लगा। इस पर आरोपी ने उसको चिल्ड्रन नोट थमा दिए। कट्टे में तीन लाख रुपए दिए थे। इसमें सौ के 13, दो सौ के 13 व पांच सौ के 14 बण्ड़ल थे।

Related Post